Vistaar NEWS

MP कांग्रेस की नई रणनीति, 12 दिसंबर को भोपाल में होगी INDIA गठबंधन की रैली, 26 नवंबर को जबलपुर में प्रदर्शन

(File photo)

(फाइल फोटो)

MP News: मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की नीतियों, मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और जनहित के सवालों को लेकर कांग्रेस ने अपने आगामी कार्यक्रमों में बदलाव कर दिया है. पार्टी ने 26 नवंबर को भोपाल में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन अब जबलपुर में करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही 12 दिसंबर को भोपाल में इंडिया गठबंधन का ‘वोट रक्षा मार्च’ यानी दिल्‍ली के बाद मध्‍य प्रदेश में बड़ी रैली आयोजित करने की तैयारी कांग्रेस पार्टी कर रही है. इस आयोजन में कांग्रेस समेत गठबंधन के अन्य दलों के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है. इस कार्यक्रम के लिए एमपी कांग्रेस ने राजधानी के लाल परेड ग्राउंड की अनुमति मांगी है.

भोपाल की जगह जबलपुर में होगा प्रदर्शन

26 नवंबर को होने वाला प्रदर्शन कांग्रेस के प्रदेशव्यापी विरोध अभियान का हिस्सा है. संविधान दिवस के अवसर पर प्रस्तावित इस कार्यक्रम में भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के साथ ‘वोट रक्षक अभियान’ की शुरुआत भी की जाएगी. पहले यह कार्यक्रम भोपाल में आयोजित होना था, लेकिन राजधानी में निषेधाज्ञा और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए अनुमति संबंधी नियमों को लेकर विवाद के बीच इसका स्थान बदल दिया गया है. कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन के प्रतिबंधों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि इनसे विपक्ष के राजनीतिक कार्यक्रमों और लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर पड़ रहा है.

राहुल गांधी और खड़गे के शामिल होने की संभावना

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी मुकेश नायक के अनुसार, 26 नवंबर को जबलपुर में होने वाले प्रदर्शन में प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इसके बाद 12 दिसंबर को भोपाल में इंडिया गठबंधन की मेगा रैली आयोजित की जाएगी. इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के पहुंचने की संभावना है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की उम्मीद है.

मतदाता सूची के मुद्दे पर विपक्ष की संयुक्त रैली

कांग्रेस इस रैली के जरिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण और वोट से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है. प्रस्तावित कार्यक्रम में मार्च और संयुक्त जनसभा आयोजित करने की योजना भी शामिल है. पार्टी का लक्ष्य रैली में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना है. इसके माध्यम से इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों को एक मंच पर लाकर राज्य सरकार के खिलाफ साझा मुद्दे उठाने की रणनीति बनाई जा रही है.

दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस

फिलहाल दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां जारी हैं. कांग्रेस की ओर से आने वाले दिनों में आयोजन स्थलों, व्यवस्थाओं और कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा से संबंधित जानकारी साझा किए जाने की संभावना है.

Exit mobile version