Vistaar NEWS

मध्य प्रदेश में शराब खरीदने से पहले जान सकेंगे उसकी क्वालिटी, 25 नवंबर से लागू हुआ नया नियम

Liquor

शराब

Check Quality Before Buying: मध्य प्रदेश में शराब की गुणवत्ता को लेकर आबकारी विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. अब प्रदेश में बिकने वाली शराब की हर खेप को लैब जांच से गुजरना होगा. 25 नवंबर से लागू नई व्यवस्था के तहत शराब के हर बैच के साथ क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट रखना जरूरी होगा. इस कदम सी मिलावटी और घटिया गुणवत्ता वाली शराब की बिक्री पर रोक लगाने की कोशिश की जा रही है.

आबकारी विभाग ने साफ कर दिया है कि जांच रिपोर्ट के बिना शराब को फैक्ट्री से बाहर भेजने और बाजार तक पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी. आबकारी आयुक्त दीपक कुमार सक्सेना ने इसके बारे में अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं. साथ ही शराब दुकानों पर भी गुणवत्ता प्रमाण-पत्र ग्राहकों को दिखाई देने वाली जगह पर लगाना होगा.

शराब की हर खेप की होगी जांच

नई व्यवस्था में सिर्फ देसी शराब ही नहीं, बल्कि विदेशी स्पिरिट और बीयर को भी शामिल किया गया है. इन सभी उत्पादों के प्रत्येक बैच का प्रयोगशाला में जांच किया जाएगा. जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि शराब गुणवत्ता और सुरक्षा के हिसाब से सही ही या नहीं. लैब से सही रिपोर्ट मिलने के बाद ही संबंधित खेप को आगे भेजा जा सकेग. इसके अलावा शराब दुकानदारों को भी अपने पास पहुंचने वाले स्टॉक की जांच रिपोर्ट देखने का अधिकार होगा. मांग किए जाने पर वेयरहाउस मैनेजर को यह रिपोर्ट उपलब्ध करानी पड़ेगी.

गड़बड़ी मिलने पर रोक दिया जाएगा स्टॉक

विभाग ने शराब की सप्लाई के दौरान होने वाली गड़बड़ियों को रोकने के लिए भी व्यवस्था बनाई है. अगर किसी खेप के साथ प्रमाण-पत्र नहीं मिलता है या रिपोर्ट में दर्ज जानकारी अधूरी और संदेह पैदा करने वाली होती है, तो उस शराब को अलग रख दिया जाएगा. ऐसे स्टॉक को सामान्य शराब के साथ रखने या दुकानदारों तक पहुंचाने की अनुमति नहीं होगी. इससे बिना गुणवत्ता जांच वाली शराब बाजार में पहुंचने से रोकी जा सकेगी.

ऑनलाइन रिकॉर्ड से रखी जाएगी नजर

शराब की सप्लाई पर नजर रखने के लिए अब डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा. वेयरहाउस में शराब पहुंचते ही संबंधित खेप का क्वालिटी टेस्ट सर्टिफिकेट ई-आबकारी पोर्टल पर अपलोड करना होगा. इससे अधिकारियों को यह पता लगाने में आसानी होगी कि शराब कहां बनी और किस रास्ते से दुकानों तक पहुंची.

Exit mobile version