Vistaar NEWS

MP News: तीन साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी मोहन सरकार, PM मोदी को पेश होगा विजन डॉक्यूमेंट

CM Mohan Yadav

सीएम मोहन यादव

MP Government Report Card: मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार 13 दिसंबर को अपने कार्यकाल के तीन साल पूरे करने जा रही है. सरकार इस मौके को अपनी उपलब्धियों का लेखा-जोखा पेश करने के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी के महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में भी देख रही है. तीन साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने सरकार का विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत करेंगे. वहीं सरकार अपने तीन साल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के बीच रखेगी. इसमें चुनावी घोषणा पत्र के वादों, सरकार की घोषणाओं, योजनाओं के क्रियान्वयन और अब तक हासिल उपलब्धियों का ब्योरा शामिल रहेगा.

सरकार की कोशिश है कि अगले दो साल में अधूरे वादों और लंबित परियोजनाओं को पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जाए. वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनता के सामने सरकार के कामकाज का ठोस हिसाब रखा जा सके. इसी वजह से अब सरकार का फोकस नई घोषणाओं के बजाय पहले से तय लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने पर रहेगा. किन घोषणाओं पर काम पूरा हुआ, कौन सी योजनाएं अभी अधूरी हैं और किन योजनाओं का लाभ कितने हितग्राहियों तक पहुंचा है, इसकी समीक्षा की जाएगी.

2 दिसंबर को नीति चिंतन शिविर से शुरू होगी कवायद

तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगे की कार्ययोजना तैयार करने के लिए 2 दिसंबर को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में नीति चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा. करीब 14 महीने बाद प्रदेश के सभी कलेक्टर और संभागायुक्त एक साथ इस तरह के आयोजन में शामिल होंगे. शिविर में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी भी हिस्सा लेंगे.

शिविर में दो सत्र रखे गए हैं

पहला सत्र समृद्ध मध्य प्रदेश-2047 पर केंद्रित होगा. इसमें प्रदेश को विकसित बनाने के लिए दीर्घकालीन लक्ष्य, विकास की प्राथमिकताएं और उन्हें हासिल करने की कार्ययोजना पर चर्चा होगी. दूसरे सत्र में सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) और दूसरे विकास संकेतकों के आधार पर प्रदेश के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी. इसमें पिछले तीन साल के कामकाज, योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की स्थिति पर प्रस्तुतिकरण होंगे. दोनों सत्रों में कुल 16 विषयों पर प्रस्तुतिकरण प्रस्तावित हैं. इसमें प्रशासनिक अधिकारी अपने विभागों और जिलों के कामकाज की जानकारी देंगे. शिविर के समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे.

21-22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों के साथ मंथन

नीति चिंतन शिविर में सामने आने वाले निष्कर्षों और सुझावों को आगे 21 और 22 दिसंबर को आयोजित होने वाले सेवा चिंतन शिविर में रखा जाएगा. इसमें मुख्यमंत्री, मंत्रिपरिषद के सदस्य और भाजपा विधायक शामिल होंगे. प्रशासनिक अधिकारियों के प्रस्तुतिकरण के आधार पर जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव लिए जाएंगे. इस दौरान विकास कार्यों की प्राथमिकताएं, सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने और अधूरे कामों को पूरा करने की रणनीति पर चर्चा होगी.

दोनों शिविरों के आयोजन की जिम्मेदारी मध्य प्रदेश राज्य नीति आयोग को सौंपी गई है. पिछले दिनों एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप ने इस संबंध में कहा था कि सरकार ने बैठक के लिए तीन से चार लोकेशन तय किए गए हैं. जल्द ही मंत्रियों के साथ समीक्षा के लिए उन्हें जानकारी दी जाएगी. पिछली बार पचमढ़ी में एक ऐसी ही बैठक हुई थी.

चुनाव से पहले उपलब्धियों का हिसाब देने की तैयारी

मोहन सरकार के तीन साल पूरे होने के साथ ही अब कार्यकाल के शेष दो वर्षों को लेकर रणनीति तैयार की जा रही है. सरकार की मंशा है कि 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले घोषणा पत्र के अधिक से अधिक वादे पूरे किए जाएं. इसके लिए विभागों से उपलब्धियों और लंबित कामों का ब्योरा लिया जाएगा. प्रधानमंत्री के सामने विजन डॉक्यूमेंट पेश करने और जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड रखने की तैयारी इसी रणनीति का हिस्सा है. वहीं इससे पहले 7 और 8 अक्टूबर 2025 को भोपाल में आठ साल बाद कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई थी. उस समय मुख्यमंत्री ने छह महीने बाद फिर ऐसी कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए थे.

Exit mobile version