MP Board का बड़ा फैसला, माता-पिता को खो चुके छात्रों की परीक्षा फीस माफ, ऐसे करें आवेदन
फाइल फोटो
माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है. मंडल के इस फैसले के अनुसार, जिन छात्रों के माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है, उन्हें मंडल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में शामिल होने के लिए परीक्षा शुल्क और नामांकन शुल्क नहीं देना होगा. यह सुविधा शैक्षणिक सत्र-2026-27 से लागू की जाएगी.
परीक्षा शुल्क में छूट
दरअसल मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के अनुसार, हर साल आयोजित की जाने वाली बोर्ड परीक्षाओं में ऐसे भी छात्र शामिल होते है जिनके माता-पिता दोनों का निधन हो चुका है. इसमें से कुछ छात्र रिस्तेदारों के सहारे अपनी पढ़ाई जारी रखते हैं, जबकि कुछ छात्र अनाथालयों में रहकर शिक्षा हासिल करते हैं. आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारम ऐसे विद्यार्थियों के लिए कई बार परीक्षा शुल्क भरना बोझ बन जाता है. इसी को ध्यान में रखते हुए ये निर्णय लिया गया है.

फीस माफी का फायदा
बोर्ड ने साफ किया है कि फीस माफी का फायदा उठाने के लिए, छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरते समय जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके लिए माता और पिता, दोनों का मृत्यु प्रमाण पत्र जमा करना जरूरी है. अगर कोई छात्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे या मान्यता प्राप्त संस्थान में रह रहा है, तो ऐसे संस्थान द्वारा जारी प्रमाण पत्र भी स्वीकार किया जाएगा.
टाइम टेबल किया जारी
वहीं मंडल ने 2027 में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं का टाइम-टेबल भी जारी कर दिया है. एमपी बोर्ड की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार हायर सेकेंडरी की परीक्षा 17 फरवरी और हाई स्कूल के एग्जाम 24 फरवरी 2027 से शुरू होंगे. दोनों कक्षाओं की परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा.
ये भी पढ़ें- Kawardha: जादू-टोने के शक में बैगा आदिवासी की हत्या, फिर फांसी पर लटकाया शव, ससुर-दामाद गिरफ्तार