Vistaar NEWS

MP में 20 नवंबर से बदलेगा मौसम, शहडोल समेत 9 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, भोपाल-इंदौर में धुंध की संभावना

mp Mausam update rainfall alert

मध्य प्रदेश में 20 नवंबर से होगी बारिश (सोर्स - ANI)

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में तीन दिन बाद यानी 20 नवंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफानी ‘अकवान’ आकार ले रहा है. बताया जा रहा है कि 19 नवंबर तक ये प्रचंड रूप धारण कर सकता है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार ये तूफान दक्षिणी आंध्र प्रदेश से टकरा सकता है. इस वजह से तटीय राज्यों ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तेज बारिश हो सकती है. इसके बाद उत्तर पश्चिम दिशा में तूफान आगे बढ़ेगा और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों को प्रभावित करेगा. इससे ना केवल बारिश होगी बल्कि धुंध-कोहरा के साथ तापमान में गिरावट आएगी.

इन जिलों में हो सकती है बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 20 नवंबर से मौसम में परिवर्तन के संकेत दिए है. तूफान अकवान का असर देखने को मिलेगा. इस वजह से एमपी के पूर्वी हिस्से में रेनफॉल की चेतावनी जारी की गई है. शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, अनूपपुर और पांढुर्णा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती हैं.

कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा

मौसम विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटे की बात करें तो मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहा. भोपाल, रीवा, जबलपुर, शहडोल और सागर संभागों के जिलों में तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा. कटनी जिले का करौंदी एमपी का सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया. वहीं, अमरकंटक में 11.8 डिग्री, कल्याणपुर में 12.1 डिग्री, दमोह में 12.4 डिग्री और छिंदवाड़ा में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा.

प्रदेश का सर्वाधिक तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो में दर्ज किया गया, जो 34 डिग्री सेल्सियस रहा. IMD के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ बना रहेगा. किसी तरह का अलर्ट या चेतावनी जारी नहीं की गई है. सुबह और शाम के समय हल्की धुंध का असर देखने को मिल सकता है.

Exit mobile version