MP में हाथी का आतंक, डिंडौरी में महिला को कुचलकर मार डाला, अब तक 2 की मौत
जंगली हाथी
Dindori Hathi Hamla: मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आ रहे हैं. जिले में एक जंगली हाथी ने एक बार फिर कहर बरपाया है. समनापुर वन परिक्षेत्र के फिटारी गांव में हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई. इस हाथी ने अब तक दो लोगों को मौत के घाट उतार दिया है, जिससे सीमा से लगे गांवों में दहशत का माहौल बन गया है.
पिछले कई दिनों से घूम रहा है हाथी
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे इलाके में यह हाथी पिछले कई दिनों से घूम रहा है. आज सुबह फिटारी गांव निवासी महिला पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. ग्रामीणों ने किसी तरह उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इससे पहले भी कर चुका है हमला
यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले मेहदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव के पास भी इसी हाथी ने एक बुजुर्ग पर हमला किया था. उस हमले में भी बुजुर्ग की मौत हो गई थी. लगातार दो मौतों के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश और डर है. लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हैं. किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं.
छत्तीसगढ़ में भी हाथी ने मचाया है आतंक
बता दें कि, छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में हाथी कबरा ने आतंक मचाकर रख दिया है. 17 लोगों की जान ले चुके कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने के लिए वन विभाग का रेस्क्यू अभियान शुक्रवार को पहले दिन सफल नहीं हो सका. हाथी की लोकेशन नहीं मिलने के कारण विशेषज्ञों की टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा.
मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी प्रणय मिश्रा के मुताबिक सायर और पहाड़कोरजा के बीच जिस क्षेत्र में कबरा हाथी के जाने की जानकारी मिली है, वहां पहले से ही 17 हाथियों का दल मौजूद है. कबरा भी इसी दल में शामिल हो गया है. ऐसे में उसकी अलग से पहचान करना मुश्किल हो रहा है. जब वह झुंड से अलग होगा, तभी उसकी सही पहचान कर ट्रेंक्यूलाइज करने और रेडियो कॉलर लगाने की कार्रवाई की जा सकेगी. उन्होंने बताया कि कबरा हाथी को ट्रेंक्यूलाइज करने के बाद तैमोर पिंगला के रेस्क्यू सेंटर में रखने पर सहमति बनी है. इसके लिए शासन से जल्द आदेश मिलने की संभावना है.



