MP Weather Update: भारी बारिश से राहत, लेकिन पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट जारी, इस दिन से विदा हो सकता है मानसून
फाइल फोटो
MP Weather Forecast Today: 2 दिनों की तेज बारिश के बाद मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सो में मौसम साफ रहा. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 15 सितंबर को तापमान बढ़कर 32°C तक जा सकता है. दोपहर में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है.
हल्की बारिश के बाद खिली धूप
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को भोपाल सहित बाकी जिलों में हल्की बूंदाबांदी के बाद धूप खिल गई. छतरपुर जिले के नौगांव, छिंदवाड़ा, रतलाम, टीकमगढ़, उज्जैन और पचमढ़ी में 1 मिलीमीटर के आसपास ही पानी गिरा. वहीं शिवपुरी में 9 मिलीमीटर, इंदौर में 7 मिलीमीटर, राजगढ़ में 7 मिलीमीटर और नर्मदापुरम में 5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.
सभी जिलों में यलो अलर्ट
हालांकि आज के लिए मौसम विभाग की तरफ से प्रदेश के सभी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है. जिसके तहत गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान तापमान अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहेगा.
इस हफ्ते विदा हो सकता है मॉनसून
विभाग का कहना है कि इस सप्ताह के अंत (19-20 सितंबर) से राज्य में मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. हालांकि, महीने के आखिरी सप्ताह (22-23 सितंबर) में एक बार फिर गरज-चमक के साथ बारिश का नया दौर देखने को मिल सकता है.