विदिशा में प्राइवेट स्कूल बने ‘शिक्षा माफिया’, 850 रुपये के लिए रोकी टीसी, अवैध वसूली का आरोप
प्राइवेट स्कूल पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए पिता ने बेटे के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिकायत की.
Input- सुरेंद्र राजपूत
MP News: विदिशा में एक निजी स्कूल पर छात्र को ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) नहीं देने का आरोप लगा है. टीलाखेड़ी स्थित बलभद्र स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं पास छात्र दिव्यांश अपने पिता के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और संयुक्त कलेक्टर को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की.
‘टीसी के लिए 850 रुपये की अवैध वसूली कर रहे’
शिकायतकर्ता चंद्रभान सिंह का कहना है कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण 8वीं पास होने के बाद वे अपने बेटे का दाखिला सरकारी स्कूल में कराना चाहते हैं. इसके लिए स्कूल से टीसी मांगी गई, लेकिन स्कूल प्रबंधन टीसी देने में टालमटोल कर रहा है. आरोप है कि तय फीस से अधिक 850 रुपये की मांग की जा रही है. स्कूल वाले हर दिन बुलाते हैं और कहते हैं कि कल टीसी देंगे. प्रिंसिपल कहती हैं कि ऑनलाइन आवेदन फीस है. पीड़ित पिता ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.
‘नियमानुसार जांच के बाद कार्रवाई करेंगे’
वहीं जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि अभी तक हमारे संज्ञान में मामला नहीं आया है. अगर किसी ने पैसों के लिए टीसी रोकने का काम किया है तो गलत है. पता करेंगे कि कौन संस्था है, ऐसा क्यों किया गया है. सारी जानकारी लेंगे. अगर शिकायत आती है तो नियमा अनुसार जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: भोपाल में खर्राटे लेने के कारण तलाक का फैसला; पत्नी बोली- वो इंसान बहुत अच्छे हैं, लेकिन सो नहीं पाती हूं