ग्राम पंचायत सचिव की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, विदिशा में CM हेल्पलाइन के अधिकारियों पर प्रताड़ित करने का आरोप
ग्राम पंचायत सचिव की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा.
Input- सुरेंद्र सिंह राजपूत
MP News: विदिशा में ग्राम पंचायत सचिव की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद सरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों में भारी आक्रोश देखने को मिला. सोमवार को तीनों संगठनों ने संयुक्त रूप से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को जल्द बंद कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जाता है, जिससे सचिव और रोजगार सहायकों को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. संगठनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और मृतक सचिव के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है.
‘अधिकारी दिन-रात दबाव बनाते हैं’
संगठनों ने बताया कि नटेरन तहसील की ग्राम पंचायत घोघरा के सचिव राम सिंह की दो दिन पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी. उनका कहना है कि वे लगातार प्रशासनिक दबाव में कार्य कर रहे थे. सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को हर हाल में बंद कराने के लिए अधिकारियों द्वारा दिन-रात दबाव बनाया जाता है, जिससे कर्मचारियों पर मानसिक तनाव बढ़ रहा है. सीएम हेल्पलाइन बंद कर कर घर लौटते समय सचिव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिसके बाद सभी पंचायत सचिव आंदोलन पर उतर आए.
परिवार को आर्थिक सहायता और एक सदस्य को नौकरी दें
सरपंच संघ, सचिव संघ और ग्राम रोजगार सहायक संघ ने संयुक्त रूप से प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए. साथ ही मृतक सचिव के परिवार को आर्थिक सहायता, आश्रित को नौकरी तथा यदि जांच में किसी अधिकारी की लापरवाही या अनावश्यक दबाव सामने आता है तो उसके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए.
फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है. अब देखना होगा कि सचिव संगठनों द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है.
ये भी पढे़ं: मऊगंज में विस्तार न्यूज की खबर का बड़ा असर! सरकारी निर्माण कार्यों में अनियमितता का मामला, पंचायत सचिव निलंबित