‘रिटायरमेंट के बाद अच्छे लीडर बनेंगे…’, कौन हैं भ्रष्टाचार उजागर करने वाले ACS संजय दुबे, विजयवर्गीय ने ली चुटकी
ACS संजय दुबे
मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में सरकारी खरीद (डस्टबिन, लाइट और फिनायल आदि) में हुए करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार की खबरें अखबरों, वेबसाइटों और न्यूज चैनलों पर छाई हुई हैं. लेकिन क्या आप जानते है कि इतने बड़े घोटालें को उजागर किसने किया. इस लेख में हम करोड़ों रुपये की इस भ्रष्टाचारी के खेल को जनता के सामने लाने वाले अधिकारी के बारे में जानने वाले हैं. भाजपा सरकार में मंत्री और अपने बयानों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी उनके बार में एक बयान दिया है जो वायरल हो रहा है.
कौन है अधिकारी संजय दुबे?
दरअसल भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले अधिकारी का नाम संजय दुबे है. वह मध्य प्रदेश शासन में अपर मुख्य सचिव (Additional Chief Secretary – ACS) के पद पर कार्यरत हैं. वे 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी हैं. हाल ही में अक्टूबर 2026 में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ.
उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और प्रोडक्शन इंजीनियरिंग में एमटेक की डिग्री हासिल की. उन्होंने विदेश से एलएसई (LSE) के जरिए मास्टर डिग्री पूरी की इतना ही नहीं उन्होंने अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से भी उच्च शिक्षा प्राप्त की है.
कैसा रहा अब तक का करियर
28 सितंबर 1968 को जन्मे संजय दुबे अपने करियर में ऊर्जा विभाग, गृह विभाग और सामान्य प्रशासन जैसे कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. इंदौर के संभाग आयुक्त (Divisional Commissioner) रहते हुए उन्होंने अपनी ई-गवर्नेंस और आधुनिक सोच के चलते कई बेहतरीन काम किए.
इस वीडियो में उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था के भीतर चल रही करोड़ों रुपये की वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का खुलकर पर्दाफाश किया, जिसके बाद वे देश भर में चर्चा का विषय बन गए हैं. इस वीडियो के सामने के आने के बाद सोशल मीडिया पर मध्य प्रदेश सरकार को लेकर की तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
मंत्री ने क्या कहा?
अब इंदौर में अर्बन कॉन्क्लेव में शामिल हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चुटकी लेते हुए अपने ही विभाग के अपर मुख्य सचिव पर तंज कसा है. इस दौरान वहां मौजूद सीएम मोहन यादव और मंत्री तुलसी सिलावट भी हंसी नहीं रोक पाए. उन्होंने अपर मुख्य सचिव संजय दुबे को लेकर कहा कि आप रिटायरमेंट के बाद एक बहुत अच्छे नेता बन सकते हैं, क्योंकि आपका भाषण आत्मविश्वास से भरपूर और शानदार था. भ्रष्टाचार को लेकर वायरल हुए संजय दुबे को लेकर कैलाश विजयवर्गीय के इस बयान को कुछ लोग तंज मान रहे हैं तो कुछ इसे तारीफ भी कह रहे हैं.
ये भी पढे़ं- भोपाल: आयुष्मान भारत योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा, 709 मरीजों के नाम पर निकाली रकम, जानें पूरा मामला