MP News: BJP नेता को जमीन पर कब्जा दिलाने का आरोप, जहर की शीशी लिए किसान का वीडियो वायरल, अस्पताल में भर्ती करवाया गया
राजगढ़ में किसान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में किसान ने बीजेपी नेता पर सड़क की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है. साथ ही किसान ने एसडीएम पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. किसान का कहना है कि एसडीएम ने रास्ते की जमीन पर बीजेपी नेता को कब्जा दिलवाया है. किसान ने वीडियो में आत्महत्या की बात कही. इसके बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो किसान बेहोश पड़ा मिला, जिसके बाद उसे अस्पातल में भर्ती करवाया गया है.
हाथ में जहर की शीशी लेकर वीडियो बनाया
पूरा मामला ब्यावरा के मलावर का है. यहां खेड़ी गांव के रहने वाले किसान बलबहादुर सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लगभग साढ़े 6 मिनट के इस वीडियो में बल बहादुर सिंह ने एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में किसान हाथ में शराब और जहर की शीशी लिए हुए है. किसान का कहना है कि गांव में उसकी जमीन है और जमीन के आगे एक खाली जगह पड़ी है, जो आम रास्ता है, जिस पर लोग आते जाते हैं. लेकिन एसडीएम ने बीजेपी के जिला किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष लखन सिंह को कब्जा दिलाया है और मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं हो रही है.
किसान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया
वीडियो शनिवार को ही सोशल मीडिया पर आया है. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए और जब मौके पर जाकर देखा तो किसान बेहोश पड़ा था. जिसके बाद उसे अस्पताल में पहुंचाया गया. जहां उसका इलाज जारी है. अधिकारियों का कहना है कि किसान ने शराब पी थी, जिसके कारण वह बेहोश हो गया था.
वहीं पूर मामले पर एसडीएम का कहना है कि किसान ने अपील की है. मामले में 10 अप्रैल को सुनवाई भी होगी. इसके बाद जो भी फैसला होगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसान ने दबाव बनाने के लिए ऐसा किया था.
ये भी पढे़ं: MP में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर, समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि डेढ़ महीने बढ़ाई गई