MP में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर, समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि डेढ़ महीने बढ़ाई गई
समाधान योजना की अवधि 15 मई तक बढ़ाई गई.
MP News: मध्य प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है. जिन उपभोक्ताओं का बिजली का बिल बकाया है, अब उन्हें बिल चुकाने के लिए और समय मिल गया है. सरकार ने समाधान योजना की दूसरे चरण की अवधि डेढ़ महीने बढ़ा दी है. मतलब अब उपभोक्ता 15 मई तक अपना बकाया चुका सकते हैं. इसके साथ ही दूसरे चरण में कंज्यूमर को 90 प्रतिशत तक सरचार्ज में छूट भी दी गई है.
योजना से छूटने वाले उपभोक्ता ले सकते हैं लाभ
सरकार के समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधी बढ़ाने से उन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है, जो अब तक इसका लाभ नहीं ले पाए थे. वे अब 15 मई तक अपने बिल का भुगतान करके सरचार्ज में 90 प्रतिशत की छूट पा सकते हैं. उपभोक्ता ऑनलाइन भी अपना बिल चुका सकते हैं. इसके लिए विभाग ने उपाय(UPAY) ऐप में बिल भुगतान का ऑप्शन दिया है. ऐसे में बिल चुकाने के लिए आपको कहीं जाने की जरूरत भी नहीं है और घर बैठे ही आपके बिल का भुगतान हो जाएगा.
90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफ
समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि बढ़ाने के साथ ही सरकार ने सरचार्ज 90 प्रतिशत तक माफ करने का फैसला किया है. इसके अलावा बिल के भुगतान के लिए दो ऑप्शन दिए हैं. बिल को आप एकमुश्त या फिर किस्तों में चुका सकते हैं. हालांकि अगर आप बिल को किस्तों में चुकाते हैं तो आपको सरचार्ज में 90 प्रतिशत की छूट नहीं मिलेगी. तब ये छूट 50 से 60 प्रतिशत तक हो जाएगी.
सरकार ने उपभोक्ताओं से की थी अपील
इसके पहले सरकार ने समाधान योजना के दूसरे चरण की अवधि 31 मार्च तक रखी थी. इस दौरान सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की थी कि वो ज्यादा से ज्यादा योजना का लाभ लेकर बिल को चुकाएं. इस योजना का उद्देश्य बकाया बिजली बिल की वसूली को करवाना था. सरकार का कहना है कि इस योजना से बकाया बिजली बिल वसूलने में काफी मदद मिली है.
ये भी पढे़ं: MP महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी घोषित, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की बहू रुपाली बनीं महासचिव