फ्रांस की शार्लोट और सिंगरौली के संदीप की हो रही शादी… हिंदू रीति-रिवाजों के कायल हुए विदेशी मेहमान

दूल्हे संदीप कुमार सिंह ने कहा कि मैं भारत का रहने वाला हूं और मेरे लिए शादी का मतलब जीवन भर का बंधन है. मैं शुरू से ही चाहता था कि मेरी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हो.
marriage in singrauli

सिंगरौली में अनोखी शादी

प्रेम की कोई सरहद नहीं होती, यह बात सिंगरौली में एक अनोखी शादी के जरिए देखने को मिल रही है. सात समुंदर पार फ्रांस से एक युवती अपने दूल्हे को लेने अपने पूरे परिवार के साथ सिंगरौली पहुंची है. वह भारतीय संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधने जा रही है. इस खास शादी को लेकर जिलेभर में उत्सुकता बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक फ्रांस के ओलां निवासी शार्लोट ओलानियां (दुल्हन) की शादी बेल्जियम में कार्यरत एवं सिंगरौली के पंचखोरा रोड निवासी संदीप कुमार सिंह (दूल्हा) से हो रही है. दूल्हे के पिता स्वर्गीय रमेश कुमार सिंह हैं.

हल्दी और मेहंदी की रस्में हुईं

विवाह समारोह पूरी तरह पारंपरिक तरीके से आयोजित किया गया है. कल हल्दी की रस्म धूमधाम से संपन्न हुई, वहीं आज दिनभर मेहंदी की रस्म चली. दुल्हन के हाथों में भारतीय पारंपरिक डिजाइनों की मेहंदी रचाई गई. रात में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से दोनों विवाह बंधन में बंधेंगे.

भारतीय परंपराओं से हो रही शादी

विवाह में दोनों पक्षों के परिजन, रिश्तेदार और मित्र बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं. दुल्हन शार्लोट ओलानियां ने बताया कि वह भारत के बारे में बचपन से सुनती आई हैं. उन्होंने कहा, “मेरी और संदीप की मुलाकात हुई, फिर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ. हम करीब दो साल तक साथ रहे और मैं उनसे बहुत प्रभावित हुई. अब हम शादी करने जा रहे हैं और मैं बेहद खुश हूं. भारतीय परंपराओं से विवाह करना मेरे लिए खास है.”

ये भी पढ़ें: MP News: रीवा में यूट्यूबर मनीष पटेल पर FIR दर्ज, ब्राह्मणों पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी

वहीं दूल्हे संदीप कुमार सिंह ने कहा, “मैं भारत का रहने वाला हूं और मेरे लिए शादी का मतलब जीवन भर का बंधन है. मैं शुरू से ही चाहता था कि मेरी शादी हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हो. मेरी होने वाली जीवनसाथी के परिवार के करीब 25 लोग फ्रांस से सिंगरौली आए हैं. हम सभी इस शादी को लेकर काफी एक्साइटेड हैं.”

स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः यह पहला अवसर है जब किसी विदेशी युवती ने सिंगरौली आकर हिंदू परंपरा के अनुसार विवाह किया है. यही वजह है कि यह शादी पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है.

ज़रूर पढ़ें