रिपोर्ट – हेमकुमार तिवारी
MP News: श्योपुर में खाद-बीज दुकानों के निरीक्षण और स्टॉक जांच के दौरान कराहल में कृषि विभाग की टीम के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. निरीक्षण करने पहुंची विभागीय टीम और दुकान संचालक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि संचालक ने कृषि विस्तार अधिकारी सहित टीम के अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट कर दी. घटना के बाद विभागीय अधिकारियों में नाराजगी देखी जा रही है.
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग की टीम क्षेत्र में खाद-बीज दुकानों के निरीक्षण के लिए पहुंची थी. इसी दौरान एक दुकान पर स्टॉक और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच के दौरान दुकान संचालक और अधिकारियों के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकान संचालक ने टीम के साथ मारपीट कर दी.
दुकान संचालक के खिलाफ दर्ज हुई FIR
घटना के बाद कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी कराहल थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित दुकान संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जांच में जुटी पुलिस टीम
कराहल थाना प्रभारी भारत सिंह गुर्जर ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. विभागीय अधिकारियों ने सरकारी कार्य के दौरान टीम के साथ हुई कथित मारपीट को गंभीर मामला बताते हुए आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
