Vistaar NEWS

MP News: बीजेपी MLA प्रीतम सिंह लोधी का बेटा फरार घोषित, कोर्ट ने जारी किया स्थायी गिरफ्तारी वारंट

Court declares MLA Pritam Singh Lodhi's son an absconder

MLA प्रीतम सिंह लोधी के बेटे को कोर्ट ने फरार घोषित

MP News: ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी अदालत ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने का आदेश दिया है. विशेष न्यायाधीश नवीन कुमार शर्मा ने निर्देश दिए हैं कि केस रिकॉर्ड के मुख्य पृष्ठ पर लाल स्याही से ‘अभियुक्त फरार है’ अंकित किया जाए और प्रकरण की फाइल सुरक्षित रखी जाए.

2023 में जारी हुआ था पहला गिरफ्तारी वारंट

अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, 40 वर्षीय दिनेश लोधी, जो ग्राम जलालपुर का निवासी है, के खिलाफ ग्वालियर के पुरानी छावनी थाने में एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है. इस मामले में उसके खिलाफ पहली बार 28 दिसंबर 2023 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. इसके बावजूद वह अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और न्यायालय में भी पेश नहीं हुआ.

पुलिस की रिपोर्ट के बाद अदालत ने लिया फैसला

सुनवाई के दौरान पुरानी छावनी थाने के प्रधान आरक्षक संजय द्विवेदी ने अदालत में अदम तामील वारंट और तस्दीक पंचनामा प्रस्तुत किया. पुलिस की ओर से दिए गए दस्तावेजों में बताया गया कि आरोपी की तलाश के बावजूद वारंट का पालन नहीं हो सका और वह लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा.

स्थायी गिरफ्तारी वारंट रहेगा प्रभावी

पुलिस की रिपोर्ट और उपलब्ध रिकॉर्ड पर विचार करने के बाद विशेष एससी-एसटी अदालत ने दिनेश लोधी को विधिवत फरार घोषित कर दिया. इसके साथ ही उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए गए हैं, जो उसकी गिरफ्तारी तक प्रभावी रहेगा.

पुलिस पर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी

अब पुलिस पर अदालत के आदेश का पालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की जिम्मेदारी होगी. यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि आरोपी सत्तारूढ़ भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी का बेटा है. हालांकि, अदालत की यह कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के तहत की गई है और मामले की आगे की सुनवाई कानून के निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जारी रहेगी.

ये भी पढे़ं- Shivpuri: ग्रामीणों ने बिजली-पानी की समस्या पर विधायक प्रीतम लोधी को घेरा, बातचीत का वीडियो वायरल

Exit mobile version