MP News: शिवपुरी के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने ग्वालियर जिला कोर्ट में सरेंडर कर दिया है. न्यायालय ने उन्हें जेल भेज दिया हैं. दिनेश के खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. विधायक पुत्र पर हत्या के प्रयास से जुड़ा मामला दर्ज है. पेशी पर ना आने पर अदालत ने उन्हें फरार घोषित किया था. इसके साथ ही उन्हें फटकार लगाई है.
‘अदालत का सम्मान नहीं करते हैं’
दरअसल, दिनेश लोधी ने स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41वें दिन ग्वालियर जिला कोर्ट में सरेंडर कर दिया. न्यायालय ने कहा कि आप अदालत का सम्मान नहीं करते हैं और तारीखों पर नहीं आते हैं. इस पर दिनेश लोधी ने कहा कि पहली बार गलती हुई है. भविष्य में इस तरह की गलती नहीं करूंगा. इसके बाद कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया.
क्या है पूरा मामला?
पूरा मामला हत्या के प्रयास से जुड़ा हुआ है. बीजेपी विधायक के बेटे दिनेश लोधी पर ग्वालियर के पुराने छावनी क्षेत्र थाने में केस दर्ज किया गया था. न्यायालय में इस मामले में सुनवाई शुरू हुई. 22 जुलाई 2024 के बाद दिनेश लोधी व्यक्तिगत तौर पर अदालत में पेश नहीं हुआ. इसके बाद 23 अगस्त 2024 से 16 मार्च 2026 तक लगातार अनुपस्थित रहा और इसके साथ ही आवेदन दिया कि उसे कोर्ट में हाजिर होने से माफी दी जाए. सुनवाई में लगातार अनुपस्थित रहने के बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया और जमानत एवं बंधपत्र निरस्त कर दिया.
