Vistaar NEWS

ग्वालियर में एकतरफा प्यार में खूनी हमला! आरोपी ने महिला को घर में घुसकर मारी गोली, बचाने आए देवर पर भी की फायरिंग

Gwalior Youth opens firing on two people police arrest arrested accused

प्रतीकात्मक तस्वीर

Gwalior Crime News: ग्वालियर में एकतरफा प्यार की सनक ने दो जिंदगियों को खतरे में डाल दिया. एक सिरफिरे युवक ने महिला के घर में घुसकर पहले उस पर गोली चलाई और जब देवर बचाने आया तो उसे भी निशाना बना दिया.दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

क्या है पूरा मामला?

ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मोतीझील स्थित कृष्णा नगर पहाड़ी में मंगलवार (14 जुलाई) सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पड़ोसी युवक जगदीप सिंह कथित तौर पर महिला सीतू जाटव के घर में घुस गया. महिला के पति रवि जाटव काम पर गए हुए थे. घर में अकेली सीतू पर आरोपी ने फायर कर दिया. गोली सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी.

गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोस में मौजूद देवर आकाश जाटव महिला को बचाने दौड़ा, लेकिन आरोपी ने उस पर भी फायर कर दिया. गोली आकाश के हाथ में लगी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.

पति का क्या कहना है?

घायल महिला के पति रवि जाटव का कहना है कि आरोपी जगदीप सिंह पहले उनकी पत्नी से बातचीत करता था. करीब एक साल पहले दोनों के बीच बातचीत का पता चलने पर परिवार ने इसका विरोध किया और महिला ने आरोपी से संपर्क खत्म कर दिया था. इसके बाद आरोपी लगातार महिला पर दोबारा बात करने का दबाव बना रहा था. इस विवाद को लेकर मोहल्ले में पंचायत भी हुई, लेकिन पुलिस में शिकायत नहीं की गई.

ये भी पढ़ें: ‘केवल सोशल मीडिया तक ही है जांच…’, लापता लड़कियों के मामलों में पुल‍िस को हाई कोर्ट ने लगाई फटकार

पुलिस ने दर्ज किया मामला

महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जगदीप सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया. घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस उससे वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है.

जांच जारी है और आरोपी को जल्द अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात में इस्तेमाल हथियार के स्रोत की भी जांच कर रही है. शुरुआती जांच में मामला कथित एकतरफा लगाव और पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. फिलहाल दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.

Exit mobile version