कमलेश्वर डोडियार ने पूछा – इस्तीफा दे दूं, जनता ने कहा – दे दो, विधायक बोले- फिर तो भोपाल जाना होगा
सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार
Kamleshwar Dodiyar Asks Public Resignation: सैलाना से विधायक कमलेश्वर डोडियार अक्सर चर्चा का विषय बने रहते हैं. चाहे कलेक्टर से तीखे सवाल पूछना हो, या अधिकारी-कर्मचारियों को चेतावनी देना हो या फिर विधानसभा भवन परिसर में अपनी मांग को लेकर धरने पर बैठना हो. अब उनका एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पूछ रहे हैं कि क्या इस्तीफा दे दूं? जनता की ओर से आए जवाब ने उन्हें भी चौंका दिया.
क्या है पूरा मामला?
रतलाम जिले के सैलाना विधानसभा के रानीगांव में बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें भारत आदिवासी पार्टी से विधायक कमलेश्वर डोडियार शामिल हुए. उन्होंने आयोजन को संबोधित करते पूछा कि क्या इस्तीफा दे दूं? इस सवाल के जवाब में वहां मौजूद जनता ने कहा – दे दो. इसके उत्तर देते हुए कहा कि चलो ठीक है, उसके लिए भोपाल जाना होगा. ये पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
दरअसल, कार्यक्रम में मौजूद लोगों का कहना था कि बिरसा मुंडा के विचारों, जल, जंगल, जमीन जैसे सामाजिक मुद्दों पर बात कीजिए. इसी दौरान विधायक ने इस्तीफे वाली बात पूछी.
पहले सवाल फिर सफाई
विधायक के सवाल-जवाब के बाद मंच पर मौजूद वक्ता ने सफाई देते हुए कहा कि रानीसिंह के कार्यक्रम में किसी संगठन की कार्यकारिणी गठित नहीं की गई है. उन्होंने आगे कहा कि दो संगठनों के युवाओं ने मिलकर ये कार्यक्रम किया है. इसका किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम से लेना-देना नहीं है.
पहले भी कमलेश्वर डोडियार चर्चा में रहे
- रतलाम कलेक्टर राजेश बाथम ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए थे. इस पर सैलाना विधायक ने 10 दिसंबर 2024 को राजस्थान के बांसवाड़ा में आयोजित आदिवासी चिंतन शिविर में चेताते हुए कहा था कि तेरे बाप का राज है क्या? कुछ भी ऑर्डर निकाल देगा. रतलाम कानून के हिसाब के चलेगा. इसके साथ ही उन्होंने कलेक्टर की शैक्षणिक योग्यता पर सवाल उठाए थे.
- एक अन्य मामला सामने आया था, जिसमें उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी थी. पांच महिला सफाईकर्मियों को नौकरी से हटाने और वेतन ना देने के मामले में सैलाना नगर परिषद के अधिकारियों से कहा था कि राजनीति मत करना, वरना उलझ जाओगे.
- साल 2024 में विधायक विधानसभा सत्र के दौरान परिसर में महात्मा गांधी के प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए थे. डॉ. आंबेडकर फोटो लेकर मौन रहकर विरोध जताया. उनका आरोप था कि सदन में उनके बोलने के दौरान माइक को बंद किया गया. बाद में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग उन्हें मनाने पहुंचे और विधानसभा स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात करवाई.



