Datia News: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी रविवार (2 अगस्त) को अल्प प्रवास पर दतिया पहुंचे. जहां उन्होंने विधानसभा उपचुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान करने वाले मतदाताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, इसके लिए वे सभी मतदाताओं के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं.
जीतू पटवारी ने साधा निशाना
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पार्टी पर जो विश्वास जताया है, पार्टी उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य दतिया का समग्र विकास करना है और प्रदेश में व्याप्त भय एवं आतंक के माहौल को समाप्त करना है.
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी तीखा हमला बोला. जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की भाषा समाज को बांटने वाली है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र सिंह तोमर ने ओबीसी और कुशवाहा समाज को लेकर जो टिप्पणी की, वह किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक नेता को शोभा नहीं देती है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लगातार दलित, ओबीसी और अनुसूचित जनजाति वर्ग का अपमान करती रही है.
बीजेपी पर डर फैलाने का आरोप लगाया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भी भय और आतंक का वातावरण बनाकर राजनीति करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और सामाजिक सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा जनता के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाएगी.
ये भी पढ़ें: Morena: ‘कभी-कभी कुशवाहा समाज गुलाटी खा जाता है’, नरेंद्र सिंह तोमर के बयान पर समाज में आक्रोश
विधानसभा अध्यक्ष ने क्या कहा था?
मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर मुरैना में एक कार्यक्रम में शामिल हुए. बीजेपी जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह कुशवाहा के निवास पर आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि कुशवाहा समाज हमारा बहुत प्रिय है और हमारे साथ भी है, लेकिन कभी-कभी कुशवाहा समाज गुलाटी खा जाता है, जिसके कारण समाज को आगे सफलता नहीं मिल पाती.
