Morena News: (मुरैना से मनोज शर्मा की रिपोर्ट) मुरैना जिले के जौरा क्षेत्र के सांकरा गांव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ रही है. गांव के रास्ते पर हाईटेंशन बिजली का तार इतना नीचे लटक रहा है कि लोगों को रास्ता पार करने के लिए डंडे से तार को ऊपर उठाना पड़ रहा है. ग्रामीण रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं.
लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. हालात ऐसे हैं कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी इसी खतरनाक रास्ते से निकलना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का क्या कहना है?
गांव वालों का कहना है कि यदि कभी तार में करंट प्रवाहित होने के दौरान कोई बड़ा हादसा हो गया तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा. लोगों में भय और आक्रोश दोनों व्याप्त है. ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर लटके हुए हाईटेंशन तार को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी जनहानि से पहले समस्या का समाधान हो सके.
ये भी पढ़ें: विस्तार न्यूज़ की खबर का असर! मुरैना में हाजिरी लगाकर गायब रहने वाले 12 शिक्षकों पर गिरी गाज, DEO ने दिया नोटिस
