Sehore: दोस्त को मारी गोली, फिर चक्काजाम में हुआ शामिल, पुलिस ने चंद घटों में सुलझाई मर्डर मिस्ट्री

Sehore Crime News: सीहोर के सचिन वर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. आरोपी शेर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नशे की हालत में सचिन वर्मा पर गोली चलाई थी.
sachin verma murder mystery accused sher singh arrested

सीहोर: पुलिस ने सुलझाई सचिन वर्मा की मर्डर मिस्ट्री

Sehore Crime News: सीहोर जिले के सचिन वर्मा हत्याकांड को पुलिस ने चंद घंटों में सुलझा लिया है. परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चक्काजाम किया था. पुलिस ने इसे लेकर बड़ा खुलासा किया है. दोस्त शेर सिंह ने सचिन की 12 बोर की राइफल से हत्या की है. वह अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करता है.

आरोपी ने दी थी गोली चलाने की धमकी

पुलिस के अनुसार सचिन वर्मा और शेर सिंह एक-दूसरे को जानते थे. दरअसल, शनिवार (21 नवंबर) को मृतक सचिन शेर सिंह की राइफल देख रहा था. बताया जा रहा है कि इस पर आरोपी ने उससे कहा कि बंदूक छोड़ दे वरना गोली चल जाएगी. धमकाने वाले लहजे में आरोपी ने सचिन से कहा था कि मेरी गन से छेड़छाड़ मत कर वरना चला दूंगा. राइफल लोडेड थी. गोली सचिन के सिर में जा लगी.

नशे की हालत में गलती से चली गोली

एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि यह कोई सुनियोजित हत्या नहीं, बल्कि नशे और लापरवाही के कारण हुआ एक दर्दनाक हादसा था. जांच में सामने आया कि मृतक सचिन वर्मा और आरोपी शेर सिंह दोनों ही सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते थे. पहले से एक-दूसरे के परिचित थे. शनिवार रात जब भाऊखेड़ी जोड़ पर एक्सीडेंट के बाद भीड़ जमा हुई, तो वहां दोनों की मुलाकात हो गई. बातचीत के दौरान सचिन उत्सुकतावश शेर सिंह की 12 बोर की बंदूक देखने लगा और दोनों के बीच हल्का-फुल्का हंसी-मजाक चलने लगा. इसी दौरान अत्यधिक नशे की हालत में होने के कारण शेर सिंह का हाथ बंदूक के ट्रिगर पर दब गया, जिससे निकली गोली सीधे सचिन की कनपटी में जा लगी. मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

मृतक के शरीर में मिले 9 छर्रे

मृतक सचिन वर्मा का पोस्टमार्टम किया गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसके शरीर में 9 छर्रे मिले हैं. गोली लगने के कारण शरीर को नुकसान पहुंचा है. सिर में गंभीर चोट लगी है. डॉक्टर्स ने पूरे शरीर का एक्स-रे भी किया है. डिटेल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है. इससे सही जानकारी मिलेगी.

विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ आरोपी

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे हैरान कर देने वाला पहलू यह रहा कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शेर सिंह इस गलतफहमी में था कि रात के अंधेरे और भीड़ के शोरगुल में उसे किसी ने गोली चलाते हुए नहीं देखा है. खुद को पूरी तरह सुरक्षित और निर्दोष साबित करने के लिए वह रविवार (22 नवंबर) सुबह मृतक के परिजनों द्वारा किए गए सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन में भी आम लोगों के साथ शामिल रहा. हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल के आसपास मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों की पहचान कर उनसे सख्ती से पूछताछ की, तो पूरी घटना की परतें खुलती चली गईं.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला सीहोर-भेरूंदा स्टेट हाईवे स्थित भाऊखेड़ी जोड़ पर स्थित भाऊखेड़ी का है. जहां शनिवार रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच अल्फा प्रोटीन फैक्ट्री के गोदाम पर भूसा लेकर पहुंची एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच भिड़ंत हो गई थी. इस मामूली दुर्घटना के बाद गोदाम के मजदूरों और पास ही स्थित कल्लू चेयरमैन के ढाबे पर मौजूद लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसे देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. इसी गहमागहमी और भीड़भाड़ के बीच अचानक गोली चलने से भाऊखेड़ी निवासी सचिन वर्मा पिता द्वारका प्रसाद की कनपटी पर गोली जा लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. शुरुआती दौर में इसे दो पक्षों की आपसी रंजिश और खूनी संघर्ष माना जा रहा था, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल निर्मित हो गया था.

जैसे ही सचिन वर्मा की मौत की खबर उनके परिजनों को लगी घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और रात में ही हाईवे जाम कर दिया गया. जिसे एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने जाकर खुलवाया और मृतक के साहू को इछावर पोस्टमार्टम के लिए लाया गया लेकिन रविवार सुबह मृतक के परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा पुलिस प्रशासन पर फूट पड़ा. परिजनों ने आरोप लगाया था कि घटनास्थल से पुलिस को बंदूक और कारतूस बरामद होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी में जानबूझकर लापरवाही और ढिलाई बरती जा रही है. इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने एक बार फिर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. आरोपी भी परिजनों के साथ प्रदर्शन में शामिल रहा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें