रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना शहर में रविवार शाम हुई बारिश ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. आमपुरा क्षेत्र में पार्षद द्वारा करीब एक माह पहले जल निकासी की व्यवस्था के लिए नाला खुदवाया गया था, लेकिन उसका निर्माण आज तक पूरा नहीं हो सका. पहली ही अच्छी बारिश में इसकी पोल खुल गई और सीताराम जोशी वाली गली, माता वाली गली तथा दरोगा जी वाली गली पानी से लबालब भर गईं.
अधूरे नाले से बढ़ी लोगों की परेशानी
जल निकासी का कोई समुचित रास्ता नहीं होने के कारण बारिश का पानी गलियों से होते हुए घरों तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जलभराव के कारण बच्चों, महिलाओं और राहगीरों का आवागमन भी प्रभावित रहा. कई स्थानों पर लोगों को मजबूरी में पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा.
रहवासियों ने निगम पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के कारण हर बारिश में ऐसे ही हालात बन जाते हैं. उनका कहना है कि समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से नाराज लोगों ने जलभराव के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जो अब तेजी से वायरल हो रहे हैं. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरे पड़े नाले का निर्माण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए और क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ये भी पढे़ं- 15 मिनट की बारिश में डूबा श्योपुर का चूड़ी मार्केट, जलभराव से थमी रफ्तार, लोगों में दिखी नाराजगी
