15 मिनट की बारिश में डूबा श्योपुर का चूड़ी मार्केट, जलभराव से थमी रफ्तार, लोगों में दिखी नाराजगी

Sheopur News: व्यापारियों का आरोप है कि चूड़ी मार्केट में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है. कई बार नगर पालिका को शिकायतें और मांग पत्र दिए गए, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
Sheopur 15 minutes of heavy rain leads to waterlogging public anger evident

श्योपुर: तेज बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त

Sheopur News: (हेमकुमार तिवारी की रिपोर्ट) मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही नगर पालिका की तैयारियों की हकीकत भी सामने आने लगी है. रविवार को हुई महज 15 मिनट की तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी. शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल चूड़ी मार्केट की गलियां देखते ही देखते पानी से लबालब भर गईं. हालात ऐसे बन गए कि पूरा बाजार किसी तालाब जैसा नजर आने लगा और लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया.

पहली बारिश में खुली पोल!

बारिश थमने के बाद भी लंबे समय तक पानी सड़कों और गलियों में जमा रहा. दुकानों के सामने पानी भर जाने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं खरीदारी के लिए आए लोगों को भी पानी के बीच से होकर निकलना पड़ा. कई जगह पानी इतना अधिक भर गया कि दोपहिया वाहन चालकों को वाहन निकालने में भारी दिक्कत हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश से पहले नालों और नालियों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही बारिश में उन दावों की सच्चाई सामने आ जाती है.

जल निकासी बनी बड़ी समस्या

व्यापारियों का आरोप है कि चूड़ी मार्केट में लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है. कई बार नगर पालिका को शिकायतें और मांग पत्र दिए गए, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. नालियां गाद और कचरे से भरी होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाया और कुछ ही मिनटों में पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई.

15 मिनट में हाल हुआ बेहाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अभी मानसून की शुरुआत ही हुई है और यदि केवल 15 मिनट की बारिश में यह हाल है, तो आने वाले दिनों में लगातार होने वाली बारिश के दौरान स्थिति कितनी गंभीर होगी, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है. लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो बाजार में व्यापार प्रभावित होगा और आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.

नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

चूड़ी मार्केट शहर का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं. ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में बार-बार जलभराव होना नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है. नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका तत्काल प्रभाव से नालियों की सफाई कराए, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करे तथा ऐसे स्थानों पर स्थायी समाधान सुनिश्चित करे, ताकि मानसून के दौरान लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें: भोपाल में चलती कार में छलके जाम! VIP रोड पर युवकों ने सनरूफ खोलकर की शराब पार्टी, हरकत कैमरे में कैद

तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

फिलहाल चूड़ी मार्केट में जलभराव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि मामूली बारिश ने ही शहर की व्यवस्थाओं की असल तस्वीर उजागर कर दी है. अब सभी की निगाहें नगर पालिका पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए क्या कदम उठाती है.

ज़रूर पढ़ें