इनपुट-सुनील रजक
शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर किले से चोरी हुई 400 साल पुरानी तोप के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी या उसके बारे में पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए इनाम की घोषणा की है. पुलिस के ऐलान के बाद जो भी व्यक्ति आरोपी के बारे में सूचना देगा उसे 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा.
15 जुलाई को हुई थी चोरी
यह मामला नरवर थाना क्षेत्र का है, जहां 15 जुलाई को कचहरी महल में रखी 14 तोपों में से एक तोप चोरी होना सामने आया था. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यदि किसी व्यक्ति के पास इस चोरी से जुड़ी कोई विश्वसनीय जानकारी है, तो वह शिवपुरी पुलिस से संपर्क कर सकता है. पुलिस ने ये भी साफ किया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
14 ऐतिहासिक तोपें थीं
जानकारी के अनुसार किले की ओपन कचहरी में सिंधिया राजवंश काल की कुल 14 ऐतिहासिक तोपें रखी थीं, जिनमें से अब एक तोप चोरी हो चुकी है और 13 तोपें शेष हैं. सुरक्षाकर्मी बाल किशन ने बताया कि उनके पास सुरक्षा के नाम पर केवल एक डंडा था और रोशनी के लिए टॉर्च तक उपलब्ध नहीं थी. हथियारबंद बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी, जिसके कारण उन्हें वहां से हटना पड़ा.
अष्टधातु से बनी थी तोप
चोरी हुई तोप पीतल, तांबा, कांसा सहित अष्टधातु के विशेष मिश्रण से बनी बताई जा रही है. उस पर राजचिह्न और फारसी व देवनागरी लिपि में शिलालेख भी अंकित हैं. विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें अमूल्य हैं.
ये भी पढ़ेंः कौन हैं दतिया के एसपी IPS मयूर खंडेलवाल? जिन्हें नरोत्तम मिश्रा ने मंच से धमकाया
