Vistaar NEWS

Morena: स्‍कूल स्‍टाफ की लापरवाही से छात्र को लगी चोट, शिकायत करने पहुंचे पिता को प्रधानाध्‍यापिका ने दी नाम काटने की धमकी

Child's finger injured due to school staff's negligence

स्‍कूल स्‍टाफ की लापरवाही से बच्‍चे की उंगली घायल

रिपोर्ट- मनोज शर्मा

Morena News: मुरैना के विकासखंड के चंबल कॉलोनी स्थित प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालय में एक छात्र के घायल होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. आरोप है कि विद्यालय स्टाफ की लापरवाही के कारण एक छात्र की अंगुली में गंभीर चोट लग गई. जब छात्र के पिता शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे तो प्रधानाध्यापिका ने उनकी बात सुनने के बजाय कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और बच्चों का स्थानांतरण प्रमाण-पत्र (टीसी) काटने की धमकी दे डाली.

घटना में छात्र की अंगुली हुई घायल

जानकारी के अनुसार, वनखंडी रोड स्थित वीडियो वाली गली निवासी मनोज राठौर के तीन बच्चे विकाश (कक्षा 1), दिलीप (कक्षा 3) और मानसी (कक्षा 8) उक्त विद्यालय में अध्ययनरत हैं. पीड़ित पिता का आरोप है कि 13 जुलाई को विद्यालय के दरवाजे से नीचे उतरते समय स्टाफ की लापरवाही के चलते उनके बेटे की अंगुली में गंभीर चोट लग गई, जिससे काफी खून बहने लगा.

शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार का आरोप

आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब मनोज राठौर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नीरू शर्मा के पास पहुंचे तो उन्होंने शिकायत सुनने के बजाय खरी-खोटी सुनाई. पीड़ित का कहना है कि प्रधानाध्यापिका ने कथित रूप से कहा, “जो करना है कर लो, नौकरी मैंने अपनी दम पर की है, आपकी दम पर नहीं.” साथ ही बच्चों की टीसी काटने की धमकी भी दी.

कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

पीड़ित ने इस संबंध में कलेक्टर को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि आवेदन देने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इस बीच, मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.

मूलभूत सुविधाओं की कमी का भी आरोप

मनोज राठौर का यह भी आरोप है कि विद्यालय में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है. जब उन्होंने इन समस्याओं की ओर प्रधानाध्यापिका का ध्यान आकर्षित किया तो उन्हें कथित रूप से डांट-फटकार और धमकियों का सामना करना पड़ा.

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग और तेज हो सकती है.

ये भी पढे़ं- मुरैना: पोरसा में दलदल बनी सड़क, कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर मासूम, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

Exit mobile version