शिवपुरी में हॉस्टल के खाने में निकले रहे कीड़े, 50 छात्राओं पर एक टॉयलेट; खुले में नहाने को मजबूर हैं लड़कियां
शिवपुरी में गर्ल्स हॉस्टल में खाने में कीड़े और इस्तेमाल होने के लिए खुली टंकी का पानी मिल रहा.
Input- कपिल मिश्रा
Shivpuri News: शिवपुरी के टीवी टावर रोड स्थित शासकीय पोस्टमैट्रिक छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने कलेक्टर से मिलकर हॉस्टल की विभिन्न अव्यवस्थाओं की शिकायत की. छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं की जा रही है.
50 छात्राओं पर सिर्फ एक टॉयलेट
छात्राओं के मुताबिक छात्रावास अधीक्षिका प्रीति सूर्येश कई दिनों तक हॉस्टल में अनुपस्थित रहती हैं. दूसरी मंजिल पर लगभग 50 छात्राएं निवास करती हैं, लेकिन उनके लिए मात्र एक शौचालय उपलब्ध है. नहाने की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को खुले में नहाने के लिए मजबूर होना पड़ता है.
हॉस्टल में मिलने वाला नाश्ता बेहद कम मात्रा में और गुणवत्ता में कमजोर होता है. कई बार सब्जियों में कीड़े तक निकल आते हैं. जब छात्राएं इसकी शिकायत करती हैं तो उनकी समस्या सुनने के बजाय उन्हें डांट दिया जाता है. छात्राओं ने आरोप लगाया है कि अधीक्षिका साफ-सफाई तक करवाती हैं और सुविधाओं की मांग करने पर घर से व्यवस्था करने के लिए कहती हैं.
दूषित पानी पीने से छात्राओं की तबीयत खराब हो रही
वहीं छात्रावास की पानी की टंकियों की नियमित सफाई नहीं होती. टंकियों में गंदगी जमा रहती है, जिसके कारण दूषित पानी पीने से छात्राओं की तबीयत खराब होती रहती है.
छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि हॉस्टल में कई पंखे खराब पड़े हैं और गर्मी के बावजूद कूलर की व्यवस्था नहीं है. जब इस संबंध में अधीक्षिका से कहा जाता है तो उन्हें घर से पंखे और कूलर लाने की नसीहत दी जाती है.
ये भी पढ़ें: आलीराजपुर: धन्यवाद देने जनसुनवाई पहुंचे ग्रामीण, आदिवासी परंपरा से किया कलेक्टर का सम्मान, जानें पूरा मामला