लखनऊ हादसे के बाद इंदौर में 23 संस्थान सील, 18 कोचिंग- लाइब्रेरी शामिल; अधिकारी बोले- कार्रवाई जारी रहेगी
लखनऊ में भीषण आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी.
MP News: लखनऊ में कोचिंग संस्थान में आग लगने से 15 छात्रों की मौत के बाद मध्य प्रदेश में प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है. इंदौर में चेकिंग के दौरान प्रशासन की टीम 23 संस्थानों को सील कर दिया. इनमें 18 कोचिंग और लाइब्रेरी शामिल हैं. इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे ऑफिस शामिल हैं. इनमें कई जगहों पर फायर सेफ्टी के इंतजाम और फायर एनओसी भी नहीं मिली.
इन जगहों पर किया गया निरीक्षण
प्रशासन की टीम ने शहर के कई महत्वपूर्ण जगहों जैसे वेदा बिजनेस पार्क, अपोलो एवेन्यू, अपोलो आर्केड और भंवरकुआं क्षेत्रों में निरीक्षण किया. टीम ने इस दौरान चेक किया कि अगर लगती है तो उनसे बचने के क्या उपाय किए गए हैं. बचाव के लिए जो उपकरण लगे हैं वो काम कर रहे हैं या फिर नहीं. आग लगने के बाद बाहर निकलने के क्या इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा जिन जगहों पर संस्थान चल रहे हैं वहां पर कोई वाहन आने के लिए कितना स्पेस है. इन चेकिंग में जहां भी अनियमितता पाई गई, प्रशासन की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे संस्थानों को सील कर दिया.
बहुमंजिला इमारतों में एग्जिट गेट बंद मिले
इंदौर ही नहीं राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में जिला प्रशासन की टीम ने चेकिंग की है. इस दौरान कई बहुमंजिला इमारतों में एग्जिट गेट बंद मिले. जिसके बाद टीम ने संस्थानों को सील कर दिया. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी होती रहेगी. साथ ही जिन संस्थानों को सील किया गया है, वहां जब तक व्यवस्थित चीजें नहीं होंगी, तब तक उन्हें वापस खोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी.
बता दें सोमवार को लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी. इनमें अधिकतर छात्र शामिल थे. जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. दो छात्र जान बचाने के लिए छत से कूद गए थे, इस दौरान उनकी जान तो बच गई लेकिन वे घायल हो गए थे.
ये भी पढ़ें: इंदौर में गैस पाइपलाइन में ब्लास्ट, 4 झुलसे; सभी को अस्पताल पहुंचाया गया