Vistaar NEWS

दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में इंदौरी युवक का जलवा, हजारों की भीड़ के सामने अपनी मंगेतर को किया प्रपोज

Diljit Dosanjh Concert

दिलजीत दोसांझ कॉन्सर्ट, अहमदाबाद

‘कहते हैं प्यार का इज़हार करना हिम्मत का काम है, क्योंकि इसमें सब कुछ हारने या सब कुछ पाने का डर होता है.’ प्यार के इजहार का एक प्यारा से किस्सा अहमदाबाद में हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से सामने आया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित हुए मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में इंदौर के युवक शुभम सोलंकी ने करीब 50 हजार लोगों की भीड़ के बीच अपनी गर्लफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज किया.

टी-शर्ट पर लिखे मैसेज पर पड़ी नजर

इसके बाद प्रेमी जोड़े का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. दरअसल शुभम की टी-शर्ट पर लिखे मैसेज पर दिलजीत की नजर पड़ी और उन्होंने गाना रोककर दोनों को स्टेज पर बुला लिया. शुभम ने यह टी-शर्ट जैकेट के अंदर पहन रखी थी. उन्होंने बिंदिया को भी इसके बारे में कुछ नहीं बताया था. शुभम के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था.

मंच पर हजारों लोगों के सामने किया प्रपोज

इसके बाद दोनों मंच पर पहुंचे और सुभम ने बिंदिया को प्रपोज किया. दिलजीत ने शुभम की कोशिश की तारीफ करते हुए कहा, ‘बड़ी गल है प्रपोज करना। आप इंदौर से यहां प्रपोज करने आए हैं। आजकल प्रपोज करना बहुत बड़ी बात है. धीरे-धीरे ये रस्में खत्म हो जाएंगी. भाई ने बहुत जिगरा दिखाया है.’ करीब डेढ़ मिनट तक दोनों स्टेज पर रहे और दिलजीत के गानों पर डांस भी किया.

दिलजीत दोसांझ के 13-14 साल पुराने फैन

सुभम ने बताया कि वह दिलजीत दोसांझ के 13-14 साल पुराने फैन हैं. जब उनका गाना ‘पंगा’ सुना था, तभी से उनके सभी गाने सुनना शुरू कर दिए थे. सुभम ने बताया कि वह वह करीब 1 साल से इस पल के लिए मौके की तलाश में थे. उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच से लेकर कॉमेडियन जाकिर खान के शो तक चार बार प्रपोज करने की कोशिश की, लेकिन मौका नहीं मिल पाया.

शुभम ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इतने बड़े मंच पर पहुंचेंगे और हजारों लोगों के सामने अपनी पार्टनर को प्रपोज कर पाएंगे. उन्होंने कहा, ‘मैं दिलजीत का बहुत बड़ा फैन हूं. उन्हें इतने करीब से देखना, उनसे मिलना और उनके सामने अपनी पार्टनर को प्रपोज करना किसी सपने के सच होने जैसा है.’

Exit mobile version