‘न पहले रुका था, न आगे रुकूंगा’, इंदौर में दिलजीत दोसांझ की धमाकेदार एंट्री, ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे से गूंजा मंच

Indore News: स्टेज पर पहुंचते ही दिलजीत दोसांझ ने ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया. इसके बाद अपने हिट गाने ‘मोरनी’ से परफॉर्मेंस शुरू की. उनकी एंट्री के साथ ही दर्शकों ने तालियों और शोर के साथ जोरदार स्वागत किया.
Diljit Dosanjh

दिलजीत दोसांझ

Diljit Dosanjh Concert Indore: इंदौर में रविवार रात पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के बहुप्रतीक्षित लाइव कॉन्सर्ट की शुरुआत शानदार अंदाज में हुई. रात करीब 7:50 बजे दिलजीत ने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से मंच पर एंट्री की. स्टेज पर पहुंचते ही उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष किया. इसके बाद अपने हिट गाने ‘मोरनी’ से परफॉर्मेंस शुरू की. उनकी एंट्री के साथ ही दर्शकों ने तालियों और शोर के साथ जोरदार स्वागत किया. पूरे आयोजन के शुरुआती पलों में फैंस का उत्साह देखने लायक रहा.

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने कहा कि उन्हें रोकने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन वह न पहले रुके थे और न आगे रुकेंगे. उनके इस बयान पर दर्शकों ने जमकर उत्साह दिखाया. कार्यक्रम में उन्होंने इंदौर से जुड़ा अपना पुराना शेर भी दोहराया, जिसे राहत इंदौरी से जुड़ा शेर बताया गया. इससे शहर के दर्शकों के साथ उनका खास जुड़ाव देखने को मिला.

▶ Vistaar News YouTube

कॉन्‍सर्ट में वीआईपी टेबल 8 लाख की

कॉन्सर्ट के टिकटों की कीमत 1,500 रुपये से शुरू होकर 10 लोगों की वीआईपी टेबल के लिए 8 लाख रुपये तक रखी गई. इस हिसाब से सबसे महंगे पैकेज में प्रति व्यक्ति का खर्च 80 हजार रुपये बैठता है. बुकमायशो ने इंदौर शो में 7 करोड़ रुपये से अधिक के टिकट बिकने का दावा किया है. वहीं, आयोजन के लिए नगर निगम को 60 लाख रुपये से ज्यादा टैक्स जमा कराए जाने की जानकारी सामने आई है.

गोल्ड टिकट की कम कीमत पर बिक्री की चर्चा

ऑनलाइन 7,499 रुपये प्लस टैक्स में उपलब्ध गोल्ड टिकट सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स पर कम कीमत में बेचे जाने की चर्चा रही. कुछ लोग एक साथ कई टिकट बेचने के ऑफर भी साझा कर रहे थे. गानों को लेकर हुए विवाद के बीच टिकटों की री-सेल का मुद्दा भी सुर्खियों में रहा.

सुरक्षा और ट्रैफिक के लिए विशेष इंतजाम

भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात का विशेष प्लान तैयार किया. शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखने की व्यवस्था की गई.

दर्शकों के लिए सी-21 बिजनेस पार्क में तीन जोन में निशुल्क पार्किंग बनाई गई. टिकट श्रेणी के अनुसार प्रवेश और वीआईपी टेबल के लिए अलग गेट निर्धारित किया गया. वीआईपी गेट तक वाहन ले जाने के लिए विशेष कार पास और स्टीकर जरूरी रखे गए. दर्शकों को परेशानी से बचने के लिए समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई.

ज़रूर पढ़ें