Alirajpur News: आलीराजपुर में CM के नाम से फर्जी ट्रांसफर आदेश का खेल, एक आरोपी गिरफ्तार

Alirajpur News: पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तस्वीर और मध्य प्रदेश शासन का आधिकारिक लोगो लगाकर ऐसा लेटरहेड तैयार किया था, जो पहली नजर में बिल्कुल सरकारी आदेश जैसा दिखाई दे रहा था.
Alirajpur News

आरोपी गिरफ्तार

इनपुट-मनीष अरोडा

Alirajpur News: आलीराजपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी लेटरहेड तैयार कर आयुष डॉक्टर के ट्रांसफर का आदेश जारी करने का मामला सामने आया है. फर्जी आदेश को आलीराजपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अतुलकर के व्हाट्सएप पर भेजा गया. आदेश में आयुष विभाग के एक डॉक्टर का उदयगढ़ से सोंडवा तबादला करने के निर्देश दिए गए थे.

लेकिन पत्र की भाषा और प्रारूप को देखकर सीएमएचओ को संदेह हुआ. जब इसकी पड़ताल की गई तो पूरा मामला फर्जी निकला. इसके बाद डॉ. राजेश अतुलकर की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

व्हाट्सऐप पर भेजा फर्जी लेटरहेड

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तस्वीर और मध्य प्रदेश शासन का आधिकारिक लोगो लगाकर ऐसा लेटरहेड तैयार किया था, जो पहली नजर में बिल्कुल सरकारी आदेश जैसा दिखाई दे रहा था. मामले का खुलासा करते हुए आलीराजपुर एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया ने बताया कि मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी लेटरहेड बनाकर आयुष डॉक्टर के तबादले का आदेश सीएमएचओ को भेजा गया था. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.

जांच में खुला फर्जीवाड़ा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश पिता रामसिंह भोसले, निवासी श्यामपुरा, जिला सीहोर के रूप में हुई है. मामले में पुलिस की पूछताछ और जांच जारी है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मुख्यमंत्री के नाम का इस्तेमाल कर फर्जी सरकारी आदेश तैयार करने के पीछे आरोपी का मकसद क्या था? क्या इसके पीछे किसी और की भूमिका भी है.

ये भी पढ़ें-इंदौर: मिड-डे मील खाने के बाद बिगड़ी 38 बच्चों की तबीयत, अरविंदो अस्पताल में कराया गया भर्ती

एक आरोपी गिरफ्तार

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है और पूछताछ के बाद इस फर्जीवाड़े से जुड़े और भी नाम सामने आने की संभावना है. आलीराजपुर में मुख्यमंत्री के नाम से फर्जी आदेश जारी होने की इस घटना ने सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा और उनके दुरुपयोग को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ज़रूर पढ़ें