बड़वानी: वेदपुरी में पहली बारिश से कई फसलें तबाह, किसानों ने उठाई मुआवजे की मांग
किसानों की फसलें बर्बाद
Barwani/सचिन राठौड़: बड़वानी जिले के सिलावद के पास स्थित ग्राम वेदपुरी में पहली भारी बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है. ग्रामीणों के अनुसार, इस बारिश से खेतों में खड़ी फसलें बह गईं, मेड़ें टूट गईं और उपजाऊ मिट्टी भी पानी के साथ बह निकली.
करीब पंद्रह से तीस दिन पहले बोई गई मक्का, कपास और मिर्च की फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं. खेतों में पानी का तेज बहाव इतना अधिक था कि फसलों के साथ-साथ खेतों की मेड़ें और उपजाऊ मिट्टी भी बह गई.
मिर्च की फसल बर्बाद
ग्रामीण किसान शोभाराम ने बताया कि उन्होंने 15 दिन पहले चार एकड़ खेत में मिर्च की फसल लगाई थी, जो सोमवार को हुई बारिश से पूरी तरह तबाह हो गई. उन्होंने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाते हुए कहा कि यह फसल कर्ज लेकर लगाई गई थी. उनके आसपास के किसानों को भी मिर्च और कपास की फसलों में भारी नुकसान हुआ है.
बारिश में बह गया कपास
एक अन्य ग्रामीण किसान आलसिंह ने बताया कि उन्होंने दो एकड़ में तीन पैकेट कपास बोया था, जो बारिश में बह गया. उन्होंने पटवारी को घटना की सूचना दी है. किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उनके खेतों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दूसरी फसल लगा सकें.
पत्थरों और चट्टानों में बदल गए खेत
ग्राम वेदपुरी के किसान इठला, रामसिंह और अन्य ग्रामीणों का कहना है कि कई खेत अब पत्थरों और चट्टानों में बदल गए हैं. खेतों में मिट्टी की जगह कंकड़-पत्थर नजर आ रहे हैं, जिससे दोबारा खेती करना मुश्किल हो गया है. किसानों का मानना है कि इससे न केवल इस सीजन की फसल, बल्कि आने वाले समय की खेती भी संकट में पड़ गई है.
यह भी सामने आया है कि सिलावद से महज 7 किलोमीटर दूर स्थित वेदपुरी में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई, जबकि सिलावद क्षेत्र में सामान्य बारिश ही हुई. कुछ ही किलोमीटर के दायरे में मौसम के इस बदले हुए रूप ने किसानों की स्थिति को और अधिक प्रभावित किया है.
ये भी पढ़ें: MP News: अब हर चुनाव में डमी कैंडिडेट तैयार रखेगी कांग्रेस, मीनाक्षी नटराजन मामले से लिया सबक