Bhopal Indore No UPI Day: मध्य प्रदेश के दो बड़े शहरों इंदौर और भोपाल में आज ‘नो UPI डे’ मनाया जा रहा है. इसका मकसद 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई पेमेंट पर लगने वाले एमडीआर चार्ज का विरोध करना है. व्यापारियों का कहना है कि पेमेंट करना है तो कैश देना होगा.
इंदौर में काला कपड़ा ढंककर करेंगे प्रदर्शन
इंदौर को प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहा जाता है. यहां व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि बुधवार को यूपीआई से पेमेंट नहीं स्वीकार की जाएगी. इसके साथ ही स्कैनर और साउंड बॉक्स को काले कपड़े से ढंककर रखा जाएगा. भोपाल में इसी तरह विरोध जताने की पहल की जाएगी. इंदौर में टाइल्स एंड सेनेटरी वेयर व्यापारियों ने रीगल चौराहे पर विरोध जताया. 150 से ज्यादा व्यापारियों ने ‘UPI लूट नहीं धंधा है’, ‘डिजिटल लेन-देन का धंधा बंद करो’, ‘UPI बंद करो, यूपीआई पर चार्ज बंद करो’ जैसे पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया.
व्यापारी क्यों जता रहे हैं विरोध?
दरअसल, केंद्र ने 2000 रुपये से अधिक की UPI पेमेंट पर एमडीआर शुल्क 0.4 फीसदी लगाने का निर्णय लिया है. व्यापारियों को इस चार्ज को देना होगा. ग्राहकों पर बोझ नहीं पड़ेगा. इसे लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिल रही है. व्यापारी संघ का कहना है कि इससे ग्राहकों और व्यापारी दोनों प्रभावित होंगे.
पेट्रोल पंप संचालक जता रहे विरोध
मध्य प्रदेश पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि 16 अक्टूबर से 2 हजार रुपये से ज्यादा का पेमेंट यूपीआई से नहीं स्वीकारा जाएगा. सरकार द्वारा लगाए गए MDR को 15 अक्टूबर से लागू किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 21 साल बाद भोपाल के मास्टर प्लान को मिली हरी झंडी, जानें सीलिंग की कार्रवाई को लेकर अदालत ने कहा
ये बातें भी जान लीजिए
- दो व्यक्तियों के बीच पैसे का लेन-देन बिल्कुल फ्री रहेगा.
- 2000 रुपये से अधिक के UPI पेमेंट पर व्यापारियों पर 0.4 प्रतिशत MDR लगेगा लेकिन ग्राहकों के लिए भुगतान मुफ्त होगा.
- रेलवे, टेलीकॉम सर्विस, इंश्योरेंस और ईंधन जैसी कैटेगिरी में 2000 रुपये से ज्यादा का UPI लेन-देन करने पर फ्लैट 5 रुपये चार्ज लगेगा.
