Vistaar NEWS

Indore: सयाजी होटल में मिली फंगस लगी सामग्री, किचन में एक साथ रखा मिला वेज-नॉनवेज

Food Department inspection at Sayaji Hotel

सयाजी होटल में खाद्य विभाग का निरीक्षण

Indore News: खाद्य विभाग की टीम ने गुरुवार को सयाजी होटल का निरीक्षण किया. जांच के दौरान किचन और स्टोरेज एरिया में खाद्य सामग्री के रखरखाव, तापमान, लेबलिंग, साफ-सफाई और लाइसेंस से संबंधित कई अनियमितताएं सामने आईं. टीम को करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग के मिली. कोल्ड स्टोरेज में वेज और नॉनवेज सामग्री साथ रखी गई थी, जबकि सी-फूड, चिकन और मटन के लिए अलग स्टोरेज की व्यवस्था नहीं थी.

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को निर्धारित तापमान पर रखने की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली. पैक्ड कुल्फी के पैकेट पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं थे. इसके अलावा फ्रोजन डेजर्ट को होटल के मेन्यू में आइसक्रीम के नाम से परोसा जा रहा था.

मूंगफली में फंगस, सब्जियां मिलीं खराब

स्टोरेज एरिया की जांच में मूंगफली में फंगस पाया गया. इसके अलावा कुछ टमाटर और आलू सड़े हुए मिले. कई खाद्य उत्पाद बिना जरूरी लेबल के रखे गए थे. टॉपिंग के कुछ टेट्रापैक लीक हालत में मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका जताई गई.

किचन में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी

खाद्य विभाग की टीम को किचन परिसर में कॉकरोच और चूहों की लीद मिली. निरीक्षण के दौरान चूहे भी दिखाई दिए. पैलेट के नीचे चूहों की मौजूदगी के संकेत मिले. ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श पर दरारें भी पाई गईं. वहीं गीले और सूखे कचरे के निपटान के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं थी.

लाइसेंस में नॉनवेज, बेकरी और स्वीट्स का उल्लेख नहीं

होटल के लाइसेंस की जांच में भी खामियां सामने आईं. लाइसेंस में नॉनवेज गतिविधि दर्ज नहीं थी, जबकि मौके पर नॉनवेज खाद्य सामग्री का इस्तेमाल पाया गया. इसके अलावा बेकरी और स्वीट्स का भी लाइसेंस में उल्लेख नहीं था, जबकि होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था.

कई खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

फाइव स्टार होटल के सेंट्रल लाइसेंस को लेकर भी खाद्य विभाग की टीम ने आपत्ति दर्ज की. निरीक्षण के दौरान पनीर, कच्चे नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ और ड्राई फ्रूट्स समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं. विभाग के अनुसार इन सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Indore: रेस्टोरेंट में सजा था एक्सपायर्ड सामान, मसालों में रेंगते मिले कीड़े, Adam’s Ale का फूड लाइसेंस सस्पेंड

Exit mobile version