इंदौर में अलग-अलग जगहों पर 4 लोगों ने किया सुसाइड, ASI का बेटा भी शामिल, शादीशुदा ठेकेदार पर महिला बना रही थी शादी का दबाव
इंदौर में शादीशुदा ठेकेदार ने प्रेमिका से तंग आकर फांसी लगा ली.
MP News: इंदौर में दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार लोगों ने सुसाइड कर लिया. इनमें एक एएसआई का बेटा भी शामिल है. पुलिस लाइन में रहने वाले एएसआई ब्रजेश कुमार का बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयार कर रहा था. बताया जा रहा रहा है कि परीक्षा के तनाव के कारण बेटा काफी दिनों से तनाव में था.
1. पढ़ाई के कारण तनाव में था
पहला मामला छत्रीपुरा इलाके का है. यहां पुलिस लाइन में रहने वाले एएसआई ब्रजेश का बेटा आदित्य(18) प्रतियोगी परीक्षाओं का तैयारी कर रहा था. जानकारी के मुताबिक एएसआई का परिवार छोटा है. पति-पत्नी और उनके दो बच्चे थे. आदित्य का एक छोटा भाई भी था. 10 जुलाई को अचानक आदित्य ने जहर खा लिया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. हालांकि जहर क्यों खाया इसकी अभी तक जानकारी नहीं हो सकी है, लेकिन बताया जा रहा है कि पढ़ाई के कारण तनाव में रहता था.
2. शादीशुदा ठेकेदार ने प्रेमिका से तंग आकर जान दे दी
दूसरा मामला कनाड़िया इलाके का है. यहां एक ठेकेदार भीम सिंह चौहान(36) का शव रविवार को फांसी के फंदे से लटका मिला. भीम सिंह शादीशुदा थे और दो बच्चे भी थे. बताया जा रहा है कि पास में ही रहने वाली एक महिला से कई दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. महिला शादी का दबाव बना रही थी. जिससे तंग आकर भीम सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी. फिलहाल पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर सभी एंगल से जांच कर रही है.
3. कपड़े की दुकान पर काम करने वाले युवक ने लगाई फांसी
तीसरा मामला छत्रीपुरा थाना क्षेत्र के सिवालटपुरा का है. यहां रहने वाले एक युवक प्रियांशु राठौर(25) का शव शनिवार रात घर के कमरे पर फांसी के फंदे पर झूलता मिला. हालांकि सुसाइड करने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. जानकारी के मुताबिक देर रात जब युवक की मां ने बेटे को आवाज लगाई तो उसने काफी देर तक कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद कमरे में जाकर देखा तो शव फंदे पर झूलता मिला. बताया जा रहा है कि युवक एक कपड़े की दुकान पर काम करता था.
4. 28 साल की पूजा ने फांसी लगाई
चौथा मामला भंवरकुआं क्षेत्र का है. यहां 28 साल की युवती पूजा ने फांसी लगाकर जान दे दी. पूजा हरदा की रहने वाली थी और शादीशुदा थी. यहां रहकर मजदूरी का काम करती थी. शनिवार को परिवार वालों को पूजा का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ मिला. महिला के पति का नाम सुखदेव है. पति-पत्नी निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करते थे. हालांकि फांसी क्यों लगाई, इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
ये भी पढे़ं: ‘दतिया उपचुनाव 100 परसेंट जीतेंगे’, हरीश चौधरी बोले- BJP के दावे और हकीकत दुनिया जान चुकी है