Vistaar NEWS

भोजशाला में गूंजी हनुमान चालीसा, बदले हुए रास्‍ते से निकले नमाजी, शंतिपूर्वक हुए दोनों पक्षों के आयोजन, 1000 जवान तैनात

Peaceful gathering of both the parties in Dhar

धार में दोनों पक्षों के शांतिपूर्वक आयोजन

Dhar Bhojshala: धार में शुक्रवार को एक ओर 612 खसरा नंबर पर नमाज अदा की गई, वहीं ऐतिहासिक भोजशाला परिसर में श्रद्धालुओं ने 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया. पिछले शुक्रवार को नमाज के बाद दरगाह जाने वाले मार्ग पर करीब 45 मिनट तक आवागमन प्रभावित होने से श्रद्धालुओं को परेशानी हुई थी. इस बार प्रशासन ने मार्ग बदलकर स्थिति को संभाला और भोजशाला का मुख्य रास्ता खुला रखा.

भोजशाला में गूंजा हनुमान चालीसा का पाठ

सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के तहत भोजशाला के पास 612 खसरा नंबर पर नमाज अदा की गई. इसी दौरान परिसर में बड़ी संख्या में हिंदू समाज के श्रद्धालु मौजूद रहे. दोपहर 1 से 3 बजे तक 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया. मां वाग्देवी की स्तुति के बीच झांझ, डमरू और शंख की ध्वनि से परिसर भक्तिमय नजर आया.

पिछले शुक्रवार की घटना के बाद बदला रास्ता

पिछले शुक्रवार नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों को भोजशाला के सामने से दरगाह ले जाया गया था. इस दौरान करीब 45 मिनट तक मुख्य मार्ग प्रभावित रहा था. बाहर मौजूद श्रद्धालु भोजशाला में प्रवेश नहीं कर सके, जबकि परिसर में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पाए थे. इसके बाद प्रशासन से वैकल्पिक मार्ग की मांग की गई थी.

राधु टाकीज मार्ग से दरगाह पहुंचे नमाजी

इस बार नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों को लक्कड़ पीठा वाले प्रवेश द्वार की ओर से नहीं ले जाया गया. उन्हें भोजशाला के पीछे से राधु टाकीज मार्ग की ओर भेजा गया. पुलिस सुरक्षा के बीच वे कमाल मौलाना दरगाह पहुंचे. इससे भोजशाला के सामने मुख्य रास्ते पर आवाजाही सामान्य बनी रही.

1000 से ज्यादा जवान तैनात

व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजशाला और धार शहर के प्रमुख स्थानों पर 1000 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए गए थे. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी अलग-अलग स्थानों पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी. दोनों समुदायों के धार्मिक आयोजनों के बीच प्रशासन की बदली व्यवस्था के चलते इस बार भोजशाला आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में पिछली बार की तुलना में कम परेशानी हुई.

ये भी पढे़ं- भोजशाला विजय ने कृष्ण जन्मभूमि का मार्ग साफ किया’, धार पहुंचीं साध्वी ऋतंभरा बोलीं- वाग्देवी स्वयं धार नगरी आना चाहती हैं

Exit mobile version