3 करोड़ से बने वेंडर मॉल का लोकार्पण बना सियासी अखाड़ा! बड़वानी में मंच से नारे लगे- कांग्रेस ने कुछ नहीं किया
वेंडर मॉल के लोकार्पण में बीजेपी और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे से भिड़े.
Input- सचिन राठौड़
MP News: बड़वानी में झंडा चौक पर रविवार को 3.10 करोड़ रुपये से बने वेंडर मॉल का लोकार्पण कार्यक्रम विकास के जश्न की जगह सियासी अखाड़ा बन गया. मंच से भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा पिछली कांग्रेस परिषद को निशाने पर लिए जाते ही कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई भड़क गए और समर्थकों के साथ कार्यक्रम का बहिष्कार कर चले गए. कुछ देर तक मंच पर ही दोनों दलों के बीच तीखी नोकझोंक और नारेबाजी हुई.
कार्यक्रम में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, विधायक राजन मंडलोई, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, नपा अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान सहित दोनों दलों के पार्षद मौजूद थे.
‘3 साल में पूरा हुआ काम, श्रेय लेने आए’
मंच से भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम पांडे जब वर्तमान भाजपा परिषद की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस पर निशाना साध रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस की पिछली परिषदों ने कुछ नहीं किया’. तभी विधायक राजन मंडलोई बीच में खड़े हो गए. उन्होंने कहा, इस तरह की राजनीति मत करो.
विधायक ने बाद में कहा कि बड़वानी की पुरानी सब्जी मंडी को तोड़कर नया वेंडर मार्केट बनाने का काम, टेंडर प्रक्रिया सब पिछली कांग्रेस परिषद के समय शुरू हुआ था. हमको 3 साल लग गए. सितंबर 2024, जनवरी 2026, फरवरी 2026 तीन बार डेडलाइन बीत गई. अब उद्घाटन पर आकर पुरानी परिषद को कोसा जा रहा है. उन्होंने संचालन पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मंच से नगर पालिका का सप्लायर संचालन कर रहा था. वो पार्षदों का नाम तक नहीं ले रहा था. निर्वाचित प्रतिनिधियों का सम्मान नहीं है. अभद्र भाषा में पिछली परिषदों कोसा गया इसलिए हम चले गए.
‘मोदी जी के सपनों का शहर बना रहे’
कांग्रेस के वॉकआउट के बाद भी भाजपा ने कार्यक्रम जारी रखा. सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा, ‘लंबे समय से मांग थी. भाजपा की नगरपालिका ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर रेहड़ी-पटरी, फल-सब्जी वालों के लिए स्थाई दुकानें बनाई हैं.’
उन्होंने इसे केंद्र सरकार की योजनाओं से जोड़ा. साथ ही कहा कि स्वच्छता अभियान, अमृत-2, स्वच्छ भारत मिशन, पेयजल पाइपलाइन सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हुआ. हम विकास की बात भी करते हैं और काम भी करते हैं. आज पूरा देश विकास की राह पर है.
प्रोजेक्ट जो 3 डेडलाइन बाद बना
झंडा चौक वेंडर मॉल को मार्च 2023 में शुरू किया गया था. इसे सितंबर 2024 तक पूरा होना था. लेकिन काम लटकता रहा. इसके बाद जनवरी 2026 और फरवरी 2026 की नई डेडलाइन भी निकल गई. आखिरकार 12 जुलाई 2026 को लोकार्पण हुआ. उद्देश्य सड़क पर लगने वाले ठेलों को हटाकर व्यापारियों को व्यवस्थित जगह देना है.
क्या हैं सियासी मायने?
नगरपालिका चुनाव के बाद यह पहला बड़ा आयोजन था जिसमें दोनों दल आमने-सामने आए. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सिर्फ श्रेय ले रही है, जबकि इस वेंडर मार्केट की नींव कांग्रेस ने रखी जबकि भाजपा इसे अपनी 3 साल की उपलब्धि बता रही है.। बहिष्कार से साफ है कि आने वाले समय में नगर के विकास कार्यों को लेकर सियासत और तेज होगी. कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई ने कहा, ‘हम उद्घाटन में आए थे. लेकिन मंच से अभद्र भाषा और पिछली परिषद को कोसना गलत था. सबने अपना योगदान दिया है. आपने 3 साल में क्या किया वो बताओ.’
वहीं सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा, ‘छोटे व्यापारियों को स्थाई जगह मिली है. यह मोदी जी के विजन का हिस्सा है. नगर पालिका ने 4 साल में विकास के काम किए हैं.’
ये भी पढे़ं: MP News: मुरैना में बंदूक की नोक पर डकैती, महिला से मारपीट कर 10 लाख नकद और जेवर लूटे, 12 घंटे बाद भी FIR दर्ज नहीं