Indore News: पंचायत सचिव ने बेटे की गाड़ी सरकारी काम में लगाई, बिना टेंडर भुगतान, 3 पर भ्रष्टाचार का केस

Indore News: इंदौर की ग्राम पंचायत बांक के तत्कालीन सचिव ने पद का दुरुपयोग कर बेटे की गाड़ी को सफाई कार्य में लगाया और बिना टेंडर किराए का भुगतान कराया. लोकायुक्त ने सचिव, पूर्व सरपंच और बेटे के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है.
indore news

indore news/ image source: shutterstock

Indore News: ग्राम पंचायत में पद का ऐसा इस्तेमाल कि सरकारी काम के लिए सचिव ने अपने ही बेटे की गाड़ी पंचायत में अटैच करा दी. इतना ही नहीं, बिना टेंडर और ग्रामसभा की अनुमति के वाहन चलवाकर सरकारी खजाने से किराए का भुगतान भी करा दिया गया. शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त पुलिस ने तत्कालीन सचिव, तत्कालीन सरपंच और सचिव के बेटे के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है.

बिना टेंडर लगा दी बेटे की गाड़ी

मामला इंदौर की ग्राम पंचायत बांक का है. लोकायुक्त एसपी डॉ. राजेश सहाय को शिकायत मिली थी कि तत्कालीन पंचायत सचिव प्रहलाद नील ने अपने बेटे धीरज नील के वाहन क्रमांक MP-10 G-1435 को पंचायत में सफाई सहित अन्य कार्यों के लिए नियमों को दरकिनार कर अटैच कराया. सचिव और तत्कालीन सरपंच लक्ष्मीबाई पति राधेश्याम चौहान ने वाहन के भुगतान का प्रस्ताव भी अपने हस्ताक्षर से तैयार किया.

पंचायत निधि से हुआ भुगतान

जांच में सामने आया कि वाहन को न तो टेंडर प्रक्रिया के जरिए लगाया गया और न ही इसके लिए ग्रामसभा की अनुमति ली गई. इसके बाद पंचायत निधि से वाहन मालिक धीरज नील को किराए का भुगतान किया गया. लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, पद पर रहते हुए सचिव ने अपने पारिवारिक हित से जुड़े फैसले में भूमिका निभाई, जिससे धीरज नील को अनुचित आर्थिक लाभ पहुंचा.

तीनों पर दर्ज हुआ केस

जांच के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(ए), 13(2) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. मामले की आगे जांच जारी है.लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने एक बार फिर पंचायतों में सरकारी निधि के इस्तेमाल और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ये भी पढ़ें: व‍िजय सरकार का यू-टर्न! CJP- लेफ्ट के प्रदर्शनों से छात्रों को दूर रखने वाला आदेश वापस

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें