इंदौर: मिड-डे मील खाने के बाद बिगड़ी 38 बच्चों की तबीयत, अरविंदो अस्पताल में कराया गया भर्ती

इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक स्कूल में मिड-डे-मील खाने के बाद अचानक एक साथ 38 बच्चों की तबीयत खराब हो गई.
Indore News

तबीयत बिगड़ने के बाद बच्चों को अस्पताल ले जाया गया

इंदौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक स्कूल में मिड-डे-मील खाने के बाद अचानक एक साथ 38 बच्चों की तबीयत खराब हो गई. मिड-डे-मील खाने के कुछ देर बाद बच्चों के पेट में दर्द शुरू हो गया. कुछ बच्चों को चक्कर और सिरदर्द की शिकायत हुई. आनन-फानन में बच्चों को उपचार के लिए इंदौर के अरविंदों अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 19 बच्चों को भर्ती कर करीब सात घंटे निगरानी में रखा गया.

ग्राम सिंहाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का मामला

ये पूरा मामला ग्राम सिंहाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय का है. यहां पर शनिवार दोपहर मिड-डे मील में बच्चों को कढ़ी-चावल परोसा गया था. इसे खाने के बाद तीन-चार बच्चों के पेट में दर्द शुरू हो गया, बाकि बच्चों को चक्कर और सिरदर्द की समस्या होने लगी. बच्चों को तुरंत अरविंदो अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के बाद करीब शाम करीब साढ़े 6 बजे सभी बच्चों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

कढ़ी-चावल के सैंपल किए कलेक्ट

बच्चों का कहना है कि रोजाना स्कूल में भोजन मिलता है, लेकिन आज जो कड़ी खाने को दी उसका स्वाद सही नहीं था. घटना के बाद खाद्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची और कढ़ी और चावल के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए. कढ़ी बनाने में इस्तेमाल दही और छाछ की भी जांच की जा रही है.

फूड पॉइजनिंग के लक्षण नहीं मिले-मुख्य चिकित्सा अधिकारी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने कहा है कि जांच के दौरान किसी भी बच्चे में फूड पॉइजनिंग अथवा किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए हैं. एहतियात के तौर पर कुछ बच्चों को प्राथमिक जांच के लिए अरविंदो अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उन्हें सामान्य स्थिति में डिस्चार्ज किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ‘सेवा करते हुए बनाएं रील’, BJP ने युवाओं से की अपील, विनोद तावड़े बोले- राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज चलाएगी पार्टी

ज़रूर पढ़ें