कौन हैं कलेक्टर शिवम वर्मा, जिन्होंने सयाजी होटल पर दिया छापेमारी का आदेश, अब सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर लिया बड़ा एक्शन
कलेक्टर शिवम वर्मा
मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित 5 स्टार सयाजी होटल में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं और गंदगी पाई गई थी. इसके बाद इंदौर कलेक्टर आईएएस शिव वर्मा के निर्देश पर प्रशासन ने होटल की किचन को सील करते हुए उसका बार लाइसेंस निलंबित कर दिया था. अब उन्होंने एक बार फिर से राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है.
लापरवाही करने पर तुरंत एक्शन
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने पर हातोद तहसीलदार गोविंदसिंह ठाकुर को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए. वहीं, तहसीलदार ठाकुर को आगामी आदेश तक जिला निर्वाचन कार्यालय में कार्य करने के आदेश जारी किए गए. आईएएस शिवम वर्मा का ये रवैया और काम करने का तरीका हमेशा चर्चा में रहता है. लेकिन क्या आप जानते है कि आखिर आईएएस शिवम वर्मा कौन हैं.
इंदौर से पुराना रिश्ता
इंदौर से उनका रिश्ता नया नहीं है. कलेक्टर बनने से पहले वह इंदौर में नगर निगम कमिश्नर पर काम कर चुके हैं. ऐसे में शहर की स्थानीय व्यवस्था, नगर निगम और प्रशासनिक तंत्र की उन्हें पहले से जानकारी है. ऐसा माना जाता है कि आईएएस शिवम वर्मा सीएम मोहन यादव की गुडबुक में सबसे पसंदीदा अधिकारियों की लिस्ट में शामिल हैं. यही एक वजह है कि उन्हें इंदौर जैसे महत्वपूर्ण जिले की प्राशसनिक जिम्मेदारी सौंपी गई.
जमीनी स्तर पर काम और जनसुनवाई
शिवम वर्मा की कार्यशैली का अहम हिस्सा ‘जनसुनवाई’ और जमीनी निरीक्षण है. हर मंगलवार को वह जनसुनवाई में आम जनता की बात सुनते हैं और कई मामलों तत्काल एक्शन भी लेते हैं. शिवम वर्मा ने MANIT भोपाल से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की हैं. शिवम वर्मा की पत्नी जयति सिंह भी भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं. वह 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बड़वानी कलेक्टर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रही हैं.
पत्नी डबरा में रही एसडीएम
हालांकि शिवम वर्मा 2013 बैच के होने के कारण अपनी पत्नी से वरिष्ठ हैं. जयति सिंह ने एसडीएम के रूप में भी काम किया है. डबरा में एसडीएम रहते हुए उनकी सख्त प्रशासनिक छवि चर्चा में रही थी. उस दौरान अवैध गतिविधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर भी वह सुर्खियों में आई थीं.