Vistaar NEWS

दिवाली से पहले बिगड़ी इंदौर की हवा, AQI 126 पहुंचा, 5 दिनों में बढ़ा तीन गुना प्रदूषण का स्तर

indore pollution increased aqi reaches 126 level

इंदौर

Indore AQI News: इंदौर में ठंड बढ़ने के साथ ही वायु गुणवत्ता खराब होने लगी है. शहर में जगह-जगह खुदी सड़कें, निर्माण कार्य और वाहनों की आवाजाही से उड़ रही धूल आबोहवा को प्रदूषित कर रही है. नवंबर की शुरुआत में ही मध्य शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) यलो जोन में पहुंच गया है. चार नवंबर को मध्य शहर का औसत AQI 110 दर्ज किया गया, जबकि 31 अक्टूबर को यह 36 था. यानी पांच दिनों में प्रदूषण के स्तर में तीन गुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है.

3 नवंबर को AQI 126 पहुंचा

आंकड़ों के मुताबिक, एक नवंबर को मध्य शहर का AQI 79, तीन नवंबर को 126 और चार नवंबर को 110 रहा. वहीं, शहर का औसत AQI भी लगातार बढ़ रहा है. एक नवंबर को औसत AQI 46 था, जो दो नवंबर को 63, तीन नवंबर को 88 और चार नवंबर को 110 पर पहुंच गया.

क्यों बढ़ रहा प्रदूषण और AQI?

चिंता की बात यह है कि शहर की कई प्रमुख सड़कों पर खुदाई और निर्माण कार्य जारी हैं. इन स्थानों से लगातार धूल उड़ रही है. इसके बावजूद प्रदूषण नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं. नगर निगम निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय करता है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हवा की गुणवत्ता की निगरानी करता है.

ऑनलाइन निगरानी सिस्टम पर उठे सवाल

वहीं, प्रदूषण की ऑनलाइन निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. शहर के छह में से आधे निगरानी केंद्र कभी चलते हैं तो कभी बंद रहते हैं. कुछ केंद्रों के आसपास हरियाली अधिक होने से वास्तविक प्रदूषण का आकलन प्रभावित होने की आशंका है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने केंद्रों की स्थिति सुधारने के लिए नोटिस भी जारी किए हैं.

ठंड के साथ सुबह के समय प्रदूषक तत्व जमीन के नजदीक जमा होने लगे हैं. इससे वातावरण में धुंध की परत दिखाई दे रही है. विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के समय बाहर निकलने वालों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. ऐसे में धूल नियंत्रण, निर्माण स्थलों की निगरानी और प्रदूषण मापन केंद्रों को नियमित रूप से संचालित करना जरूरी है.

Exit mobile version