Vistaar NEWS

इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र से 70 से ज्यादा मरीज फरार, एक युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Indore News

इंदौर नशा मुक्ति केंद्र से भागते हुए मरीज

इंदौर के नशा मुक्ति केंद्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. नशा मुक्ति केंद्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद से मरीजों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में वहां से 70 से ज्यादा मरीज बाहर निकल आए. मरीजों को नशा मुक्ति केंद्र के मेन गेट के दरवाजे पर ताला लटका मिला तो वे दीवार फांदकर भाग गए. मरीजों ने दो मंजिला केंद्र की तार फेसिंग भी तोड़ दी.

सड़क की तरफ दौड़ते हुए नजर आए मरीज

दीवार फांदकर मरीज अपना सामन लेकर सड़क की तरफ दौड़ते हुए नजर आए. इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. एक साथ इतने सारे लोगों के सड़क पर भागता देख लोग घबरा गए और इंदौर पुलिस को इसकी सूचना दी गई.

टीआई मनीष मिश्रा ने दी जानकारी

रावजी बाजार टीआई मनीष मिश्रा के अनुसार घटना शनिवार सुबह अग्रसेन चौराहा स्थित नशा मुक्ति केंद्र की है. यहां करीब एक महीने पहले भर्ती हुए सचिंद्र लोधी ने बाथरूम में फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही केंद्र में हड़कंप मच गया. पुलिस की टीम अब नशा मुक्ति केंद्र से भागे लोगों के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. केंद्र प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज भी मांगे गए हैं, ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम और मरीजों के बाहर निकलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

मरने वाले युवक की पहचान

वहीं फांसी लगाकर मरने वाले युवक की पहचान शोक नगर निवासी सचिन लोधी (23) के रूप में हुई है. घटना वाली सुबह ही परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र में उसकी फीस जमा की थी. दोपहर में उन्हें सचिन की मौत की सूचना मिली. परिजन ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र में सचिन सुबह नहाने की बात कहकर वॉशरूम गया था. करीब एक घंटे तक दरवाजा नहीं खुला तो गार्ड ने उसे तोड़ दिया। अंदर सचिन फंदे पर लटका मिला.

ये भी पढे़ं- शिक्षकों के हित में एमपी हाई कोर्ट ने बड़ा फैसला, 6वें वेतनमान का लाभ देने के दिए निर्देश

Exit mobile version