Vistaar NEWS

इंदौर में ‘नीले ड्रम वाली गलियां’, 50 रुपये में मिल रहा 200 लीटर पानी, 2000 परिवार हो रहे परेशान

indore water crisis

इंदौर: टैंकरों से पानी लेने को मजबूर लोग

Indore Water Crisis: देश में नीले ड्रम का नाम आते ही दिमाग में कई बड़ी घटनाओं और सुर्खियों की तस्वीरें उभरने लगती हैं लेकिन अब इंदौर में नीले ड्रम एक अलग वजह से चर्चा में हैं. यहां नीले ड्रम किसी अपराध की कहानी नहीं, बल्कि पानी की एक ऐसी किल्लत की पहचान बन गए हैं, जिसने करीब 2 हजार परिवारों की जिंदगी मुश्किल कर दी है. इंदौर की गलियों में घरों के बाहर कतार से रखे ये नीले ड्रम बता रहे हैं कि शहर में पानी का संकट कितना गहरा हो चुका है. हैरानी की बात यह है कि पांच साल पहले इन घरों तक नर्मदा की पाइपलाइन बिछाई गई, कनेक्शन के लिए पैसे भी जमा हुए, एक बार पानी भी आया, लेकिन उसके बाद नलों में पानी नहीं पहुंचा. अब 200 लीटर पानी के लिए 50 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं.

परिवार का आर्थिक बोझ बढ़ा

इंदौर के वार्ड नंबर 64 के चितावद कांकड़ की गलियों में मकानों से ज्यादा नीले ड्रम नजर आते हैं. पांच से छह गलियों में घरों के बाहर नीले ड्रमों की कतार लगी हुई है. यहां रहने वाले करीब दो हजार परिवारों के लिए ये ड्रम अब पानी की टंकी बन चुके हैं. हर परिवार अपनी जरूरत के हिसाब से पानी खरीदता है. 200 लीटर पानी का एक ड्रम भरवाने के लिए 50 रुपए देने पड़ते हैं. यानी पानी अब सिर्फ जरूरत नहीं, बल्कि हर महीने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ बन चुका है.

नर्मदा लाइन बिछाई, पानी नहीं पहुंचा

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नर्मदा के शहर इंदौर में लोगों को पानी खरीदकर क्यों पीना पड़ रहा है? दरअसल, करीब पांच साल पहले इस इलाके में नर्मदा जल की पाइपलाइन बिछाई गई थी. रहवासियों ने कनेक्शन के लिए स्लिप भी कटवाई. शुरुआत में एक बार नलों में पानी आया, लेकिन फिर सप्लाई बंद हो गई. नर्मदा का पानी तो नहीं पहुंचा, लेकिन पानी के बिल जरूर पहुंचने लगे. अब सरकारी बोरिंग भी जवाब देने लगे हैं. कम बारिश के कारण जलस्तर नीचे चला गया है. निजी टैंकरों से पानी खरीदना मजबूरी बन गया है. नगर निगम के टैंकर भी नियमित नहीं पहुंचते.

विस्तार न्यूज़ की टीम जब इस गली से ग्राउंड रिपोर्ट बना रही थी तो एक अलग तस्वीर भी अच्छी घरों के बाहर जो नील ड्रम रखे हुए थे उनके बाहर लोगों ने अपने नाम भी लिख रखे हैं क्योंकि इस गली में हजारों राम है और अपने ड्रम की पहचान करने के लिए लोगों ने उसे पर नाम लिख रखे हैं.

33 हजार से ज्यादा परिवार टैंकरों पर निर्भर

चितावद कांकड़ की यह तस्वीर अकेले एक इलाके की कहानी नहीं है. पूरे इंदौर में पानी का संकट गहराने की आशंका है. नगर निगम के सर्वे के मुताबिक, शहर के करीब 85 हजार परिवारों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है. इनमें 52 हजार 262 घर ऐसे हैं, जहां अलग-अलग कारणों से नर्मदा जल नहीं पहुंच रहा, जबकि 33 हजार 37 परिवार टैंकरों पर निर्भर हैं. यानी गर्मी आने से पहले ही हजारों परिवारों के सामने पानी जुटाने की चुनौती खड़ी हो गई है.

इंदौर महापौर ने की विशेष पैकेज की मांग

इसी संभावित संकट को देखते हुए महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के साथ बैठक की. इंदौर के लिए 110 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की मांग की गई है. इसके साथ ही घरों तक पानी पहुंचाने के लिए 100 नए टैंकर मांगे गए हैं. यशवंत सागर तालाब को आर्टिफिशियल तरीके से भरने की भी तैयारी है. लेकिन सवाल यह है कि सरकार से 110 करोड़ का पैकेज और 100 टैंकर मिलने तक इन परिवारों को पानी कैसे मिलेगा?

Exit mobile version