राजघाट रोड पर लकड़ी बीनने गई लीला बाई की मौत, बड़वानी में आवारा कुत्तों ने महिला को नोचकर मारा

बड़वानी शहर में आवारा कुत्तों के हमले में एक महिला की मौत हो गई. यहां पर 35 वर्षीय लीला बाई को कुत्तों के झुंड ने नोच डाला. आइए जानते हैं पूरा मामला.
barwani news

कुत्तों के हमले में महिला की मौत

बड़वानी/सचिन राठौड़: बड़वानी शहर में आवारा कुत्तों के हमले में एक महिला की मौत हो गई. यह घटना शुक्रवार शाम राजघाट रोड स्थित ईंट भट्टों के पास हुई. 35 वर्षीय लीला बाई को कुत्तों के झुंड ने नोच डाला, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.

लीला बाई के रूप में हुई मृतका की पहचान

मृतका की पहचान पाटी नाका टीन शेड निवासी लीला बाई पति दिलीप बकावले के रूप में हुई है. लीला बाई लकड़ी बीनने का काम करती थीं. वह रोजाना की तरह शुक्रवार शाम करीब 5 बजे राजघाट रोड पर ईंट भट्टों के पास लकड़ी बीनने गई थीं.

इसी दौरान 5-6 आवारा कुत्तों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया. कुत्तों ने लीला बाई को जमीन पर गिराकर उनके हाथ, पैर, गला और पेट पर कई जगह नोच डाला.

भट्टे पर काम करने वाले गोलू गोले ने बताया

ईंट भट्टे पर काम करने वाले गोलू गोले ने बताया कि लीला बाई रोज शाम को यहां लकड़ी बीनने आती थीं. उन्होंने कुत्तों के भौंकने और महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी. जब वे दौड़कर गए, तो देखा कि कुत्ते महिला को नोच रहे थे. उन्होंने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी और उनके शरीर पर गहरे जख्म थे.

तुरंत पुलिस को सूचना दी

गोलू गोले ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पति दिलीप बकावले और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे. शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया.

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा. इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों में नगरपालिका के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है.

ये भी पढ़ें: ‘लड़के से जुड़े मामले में CBI जांच क्यों नहीं?’ राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई ने ट्विशा केस का जिक्र किया

ज़रूर पढ़ें