‘लड़के से जुड़े मामले में CBI जांच क्यों नहीं?’ राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई ने ट्विशा केस का जिक्र किया
राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन ने फिर से मामले में CBI जांच की मांग को दोहराया है.
Raja Raghuwanshi Murder Case: इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंंशी के चर्चित हत्याकांड में एक बार फिर सीबीआई जांच की मांग उठी है. राजा के परिजनों ने अपनी मांग को दोहराते हुए कहा है कि अगर सीबीआई जांच की जाए तो इंसाफ मिल जाएगा. राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा है कि इतने गंभीर मामले में मुख्य आरोपी सोनम को जमानत दे दी गई है. सोनम खुलेआम घूम रही है. ऐसे में सबूतों को मिटाने की संभावना है.
‘लड़की के केस में CBI जांच, तो लड़के के मामले में क्यों नहीं?’
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि अगर ऐसा होता है तो मेरे भाई को न्याय मिलेगा. विपिन रघुवंशी ने राजधानी भोपाल में एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा केस का भी जिक्र किया. विपिन ने कहा कि भोपाल में ट्विशा शर्मा केस में सीबीआई जांच की जा रही है. जबकि राजा के इतने बड़े केस में, जो पूरे देश में चर्चा में रहा, उसमें सीबीआई जांच क्यों नहीं हो रही है. विपिन ने आगे कहा कि जब लड़की के केस में सीबीआई जांच हो सकती है तो लकड़े से जुड़े मामले में सीबीआई जांच क्यों नहीं हो सकती है.
इसके साथ ही विपिन ने सीबीआई जांच के लिए राज्य सरकार पर सहयोग ना करने का आरोप लगाया है. विपिन ने कहा कि ये मामला दो राज्यों से जुड़ा हुआ है.
जमानत पर बाहर है सोनम रघुवंशी
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की पिछले साल मई में मेघालय के शिलॉन्ग में हत्या कर दी गई थी. ये हत्याकांड पूरे देश में सुर्खियों में रहा था. राजा की हत्या तब की गई थी, जब वह अपनी पत्नी सोनम के साथ हनीमून मनाने के लिए शिलॉन्ग गया था. आरोपी सोनम ने अपने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्याकांड को अंजाम दिया था. जिसके बाद पुलिस ने सोनम और उसके प्रेमी समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. हालांकि सोनम को शिलॉन्ग कोर्ट ने जमानत दे दी है. सोनम की जमानत के खिलाफ राजा रघुवंशी का परिवार और शिलॉन्ग पुलिस ने हाई कोर्ट में याचिका लगाई है.
ये भी पढ़ें: MP News: पोरसा में पांच युवकों का अपहरण, बीहड़ में ले जाकर बेरहमी से की मारपीट, आठ आरोपियों पर मामला दर्ज