बिना कोचिंग 12वीं के साथ NEET क्रैक किया, धार के शारिक शेख ने रचा इतिहास
धार के शारिक शेख ने बिना कोचिंग 12वीं के साथ ही नीट का एग्जाम पास किया.
Input- जफर अली
MP News: मेहनत और लगन से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है. इस कहावत को धार जिले के धरमपुरी के होनहार छात्र शारिक शेख ने सच कर दिखाया है. छात्र शारिक ने NEET-2026 परीक्षा में 720 में से 578 अंक हासिल कर न केवल अपना बल्कि अपने माता-पिता बल्कि पूरे क्षेत्र समेत जिले का नाम रोशन किया है.
बिना कोचिंग, 12वीं के साथ हासिल की सफलता
शारिक की इस सफलता को और खास बनाती है ये बात कि उन्होंने ये मुकाम बिना किसी ऑफलाइन कोचिंग और 12वीं कक्षा के साथ हासिल किया है. सीमित संसाधनों और घर पर रहकर की गई पढ़ाई के दम पर मेडिकल की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक नीट में इतने अच्छे अंक लाना उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रमाण है. शारिक की इस उपलब्धि की खबर मिलते ही स्कूल, परिवार और पूरे धारमपुरी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई.
स्कूल और परिजनों में खुशी
शारिक की इस गौरवमयी सफलता पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, परिजनों और नगरवासियों ने उन्हें मिठाई खिला कर ढेरों बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं. स्कूल प्रबंधन ने कहा, ‘शारिक के पिता अजीज शेख एक दर्जी हैं. शारिक ने न केवल अपना, बल्कि अपने माता-पिता और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. ये उपलब्धि बड़ी सराहनीय और दुर्लभ है. शारिक की मेहनत सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है.’
शारिक अब डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहते हैं. उनकी इस सफलता ने ये साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोचिंग और संसाधनों की कमी भी आड़े नहीं आती.
ये भी पढ़ें: MP सरकार ने शुरू की ‘कॉस्ट कटिंग’, अधिकारियों की विदेशी यात्रा पर रोक; होटलों में नहीं होंगी मीटिंग और ट्रेनिंग