Vistaar NEWS

MP News: सांदीपनी स्कूल पर जातिगत भेदभाव के आरोप, छात्र-छात्राओं ने 10KM पैदल पहुंचकर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

Students submitted a memorandum to the Commissioner.

छात्रों ने आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट – जफर अली

MP News: धार जिले के तिरला स्थित सांदीपनी शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं का एक दल करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय पहुंचा और आदिवासी छात्र संगठन के साथ मिलकर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को ज्ञापन सौंपा है. ज्ञापन में विद्यालय की प्राचार्य, एक शिक्षिका और BEO पर छात्रों के साथ कथित जातिगत भेदभाव और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए हैं.

जातिसूचक टिप्‍पणी का आरोप

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय की एक शिक्षिका पिछले एक वर्ष से आदिवासी छात्र-छात्राओं के साथ कथित रूप से जातिसूचक टिप्पणियां कर रही हैं. साथ ही, पूर्व में शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है.

छात्रों ने संबंधित शिक्षिका, प्राचार्य और BEO के खिलाफ कार्रवाई, मामले की निष्पक्ष जांच, छात्रावास की व्यवस्थाओं की जांच और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. आदिवासी छात्र संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर छात्र आंदोलन किया जाएगा.

मामले की जांच करके होगी उचित कार्रवाई

वहीं, इस मामले में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग पारुल जैन ने कहा कि छात्रों द्वारा ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांगें रखी गई हैं. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि छात्रावास में अनियमितताओं की शिकायतों की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल, जातिगत भेदभाव के आरोप छात्रों और आदिवासी छात्र संगठन के ज्ञापन में लगाए गए हैं. इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

ये भी पढे़ं- Indore: कोर्ट जाते समय आरोपियों ने किया ‘प्‍लास्‍टर ड्रामा’, जेल पहुंचते ही गायब हुई प्‍लास्‍टर-पट्टियां, जानें पूरा मामला

Exit mobile version