जबलपुर में डॉक्टरों से गोल्ड के नाम ठगी, सोने के नाम पर थमाया पीतल, आरोपी गिरफ्तार, 1.55 करोड़ बरामद
जबलपुर: असली गोल्ड के नाम पर ठगी, आरोपी गिरफ्तार
MP News: दुनिया में इन दिनों सोने की कीमतों में गजब का उछाल देखा जा रहा है. लोग सोने को सबसे बड़ा इन्वेस्टमेंट मान रहे हैं और इसी बात का फायदा उठाकर कुछ ठग लोगों को अपनी जाल में फंसा कर लाखों रुपए की ठगी कर रहे हैं. जबलपुर में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां नकली सोना थमाकर ठगों के परिवार ने शहर के तीन डॉक्टरों को लाखों रुपए का चूना लगा दिया. हालांकि शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक करोड़ 55 लाख रुपए की राशि के साथ नकली सोने की बड़ी खेप बरामद की है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जबलपुर की लार्डगंज थाना और मदन महल थाना क्षेत्र में रहने वाले दो डॉक्टरों के पास एक महीने पहले एक परिवार इलाज करने के लिए पहुंचता है. इलाज के दौरान बातचीत में परिवार खुद को मजदूरी करने वाला बताता है और डॉक्टर को कहता है कि भेड़ाघाट क्षेत्र में खुदाई के दौरान उन्हें गड़ा धन मिला है और इस गड़े धन में कई किलो सोने के सिक्के उनके पास है लेकिन गरीब होने की वजह से वह इतनी बड़ी संख्या में सोने के सिक्कों को बाजार में नहीं बेच सकते हैं, वरना पुलिस के नजर में जाएंगे. विश्वास दिलाने के नाम पर परिवार का एक सदस्य डॉक्टर को असली सोने के सिक्के देता है.
डॉक्टर पहले सोने के सिक्कों की ज्वेलर्स से जांच कराते हैं जो सही पाए जाते हैं. डॉक्टर को लालच आ जाता है और फिर लालच में सारे सोने के सिक्के खरीदने की बात करते हैं. सौदा 12 से 15 लाख रुपए प्रति किलो में तय होता है. तय की राशि के मुताबिक एक डॉक्टर को 2 किलो सोना और दूसरे डॉक्टर को तकरीबन 5 किलो सोने के सिक्के दिए जाते हैं, इसके बदले में एक करोड़ 55 लाख रुपए की राशि ली जाती है लेकिन जब इन सोने के सिक्कों की जांच सुनारों से कराई जाती है तो डॉक्टर के होश उड़ जाते हैं. क्योंकि जो सोना उन्होंने लाखों रुपए देकर खरीदा था वह पीतल निकलता है. ठगी का शिकार होने के बाद डॉक्टरों द्वारा क्राइम ब्रांच में शिकायत की जाती है जिसके बाद पुलिस एक्टिव होती है और फिर छानबीन शुरू हो जाती है.
झांसी से आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित डॉक्टर के द्वारा बताई गई पहचान मोबाइल लोकेशन, और मुखबिर की सूचना तंत्र से क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों तक पहुंच जाती है. क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों को झांसी से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार किए गए लोगों में सभी आरोपी एक ही परिवार के हैं, जिसमें पति-पत्नी और उनके दो बेटे शामिल हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पन्नालाल राठौर, उसकी पत्नी रमना देवी और उनके दो बेटे धर्मेंद्र और वीरेंद्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
ये भी पढ़ें: MP News: कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी, ट्रॉफी और मेडल उड़ा ले गए चोर
1.55 करोड़ रुपये बरामद
गिरफ्तार की गए आरोपियों के पास से ठगी के एक करोड़ 55 लाख रुपए और 84 ग्राम असली सोने के सिक्के और 20 किलो नकली सोने के सिक्के पर बरामद किए हैं. आरोपी जबलपुर के पनागर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर ठगी की योजना बनाकर शहर के बड़े-बड़े लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे. शुरुआत उन्होंने डॉक्टरों से की थी क्योंकि डॉक्टर तक सीधा संपर्क करना आसान होता है मरीज बनकर वह डॉक्टर के पास जाते और फिर अपनी मजबूरी बात कर सोने के सिक्के थमा देते थे. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है क्योंकि आरोपियों के पास से 20 किलो नकली सोने के सिक्के बराबर हुए हैं. लिहाजा अंदाज़ लगाया जा रहा है कि कुछ और भी लोगों को ठगी करने की योजना थी.