Vistaar NEWS

गलत आरोप, थाने में बेरहमी से पिटाई, बालाघाट की गर्भवती महिला ने खोया बच्चा, जानें क्या है मामला

balaghat pregnant woman police custody assault

बालाघाट: थाने में गर्भवती महिला से मारपीट के बाद लोगों ने किया विरोध

Balaghat News: चोरी के आरोप में हिरासत में लिए गए दंपती के साथ बालाघाट जिले के किरनापुर थाने में हुई कथित दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला अब एक बार फिर सुर्खियों में है. महिला सावित्री चौधरी, जो करीब ढाई माह की गर्भवती बताई जा रही थीं. उन्हें 22 सितंबर की शाम पेट में तकलीफ होने और रक्तस्राव के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

जांच में गर्भस्थ शिशु की धड़कन नहीं मिली, जिसके बाद महिला का गर्भपात करवाया गया. इस घटना ने मानो परिवार की खुशियां ही छीन लीं. अब पीड़ित परिवार पुलिस कार्रवाई के दौरान हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. समाज स्तर पर भी अब बड़े आंदोलन की तैयारी हो रही है और पुलिसकर्मियों पर भ्रूण हत्या का मामला दर्ज करने की मांग उठ रही है.

क्या है पूरा मामला?

किरनापुर का यह मामला 2 सितंबर को उस समय सामने आया था, जब पोस्ट ऑफिस में 50 हजार रुपये की चोरी हुई और चौधरी दंपती पर आरोप लगा. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सावित्री चौधरी और उनके पति कैलाश चौधरी को पूछताछ के लिए थाने लाया और उनकी बेदम पिटाई की गई. यह आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और मामला सामने आने के बाद चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया और विशेष जांच दल गठित किया गया.

एसआईटी की टीम ने उक्त पीड़ित महिला को थाने में गैरकानूनी ढंग से रोकने, गिरफ्तारी की प्रक्रिया और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में अनियमितता पाई. जहां 23 सितंबर को एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर अब चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

6 साल पहले हुई थी शादी

पीड़ित महिला के परिजन कैलाश पांचे ने बताया कि पीड़िता का 6 साल पूर्व वर्ष 2020 में विवाह हुआ था. 6 साल बाद परिवार में गर्भधारण की खुशियां आई थी लेकिन महिला से साथ मारपीट का मामला अब परिवार की खुशियां छीन चुका है. महिला का अचानक स्वास्थ्य ख़राब होने पर उन्हें जिला अस्पताल मे भर्ती कराया गया. 22 सितंबर की रात महिला की सोनोग्राफी जांच हुई और 23 सितंबर की सुबह भी दोबारा जांच हुई. जहां रक्तस्राव और गर्भस्थ शिशु की धड़कन नहीं मिलने की जानकारी मिली. जिसके बाद चिकित्स्कों की सलाह पर महिला का गर्भपात कराया गया.

ये भी पढ़ें: बालाघाट चावल घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई, BJP जिला अध्यक्ष के भाई राजकिशोर कावरे गिरफ्तार

इस घटना से ना सिर्फ परिवार की खुशियां छिन गई हैं. लोगों का पुलिस के खिलाफ जमकर आक्रोश फूट चुका है. अब समाज लगातार बैठक कर रहा है और पुलिस के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी हो रही है. अब पुलिस पर मारपीट के साथ भ्रूण-हत्या का भी मामला दर्ज करने की मांग कर रहा है.

Exit mobile version