Jabalpur News: काशी एक्सप्रेस में आधी रात को यात्रियों से टिकट चेक करने और ट्रेन से उतारने की धमकी देने के मामला सामने आया है. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने इस मामले में फर्जी TTE को गिरफ्तार किया है. आरोपी यात्रियों से टिकट दिखाने के लिए कहता था. ऐसा ना करने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी देता था. आरपीएफ ने आरोपी को जीआरपी के हवाले कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा घटना 19-20 नवंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है. मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस से गोरखपुर जा रही काशी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15018) की घटना है. रात करीब 2:10 बजे आरपीएफ की स्क्वॉड टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति टीटीई बनकर यात्रियों की टिकट चेक रहा है. जबलपुर से इटारसी जा रही आरपीएफ की स्क्वॉड टीम संबंधित कोच में पहुंची.
आरोपित व्यक्ति से पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया. आरोपी की पहचान अनिल कुमार महोबिया के तौर पर हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रेन में करेली रेलवे स्टेशन से चढ़ा था. उसके पास ना तो रेल विभाग से जारी कोई वैध पहचान पत्र था ना ही ट्रेन में ड्यूटी संबंधी कोई दस्तावेज.
नींद से जगाकर मांग रहा था टिकट
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी युवक आधी रात में रेल यात्रियों को नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था. पैसेंजर्स ने आरपीएफ को बताया कि टिकट ना दिखाने पर ट्रेन से उतारने की धमकी दे रहा था. सही समय पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान होने से यात्री ठगी और अवैध वसूली बच गए.
मामले की जांच शुरू की गई
RPF एस्कॉर्ट टीम ने इस मामले की सूचना जबलपुर स्थित मुख्यालय को दी. सीनियर ऑफिसर्स के निर्देश के बाद उसे इटारसी स्थित आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया है. जहां उसे वैधानिक कार्रवाई के लिए गाडरवारा स्थित जीआरपी थाना भेज दिया गया है.
