Vistaar NEWS

Jabalpur: हत्या की खौफनाक दास्तां! 70 लाख के बीमा के लिए कराई पत्नी की हत्या, पति ने 4 बार किया रिक्रिएशन

jabalpur crime news

मृतका कविता और आरोपी पति प्रयास पांडे

Jabalpur Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर से सनसनीखेज खबर सामने आई है. जहां पति ने 70 लाख के बीमा के लिए पत्नी की हत्या करवा दी. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं, पति प्रयास पांडे और मानसिंह फरार चल रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

LIC एजेंट थी पत्नी

दरअसल, ये पूरा मामला पाटन पुलिस थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक साल 2022 में प्रयास पांडे और नरसिंहपुर में रहने वाली कविता चौधरी की मुलाकात हुई थी. पहले दोस्ती हुई, फिर ये प्यार में बदल गया. अलग जाति से होने के कारण दोनों के परिवारवालों ने शादी का विरोध किया. प्रयास और कविता अपने परिवार के विरोध में जाकर शादी करने का फैसला लिया. साल 2024 में दोनों ने मंदिर में ब्याह रचा लिया और आमा हिनौता गांव में किराये के मकान में रहने लगे.

बताया जा रहा है कि कुछ समय के बाद परिवार और समाज के लोगों को पता चला कि दोनों ने शादी कर ली है तो कविता से छुटकारा पाने का दबाव बनाया गया. कविता LIC में एजेंट के तौर पर काम करती थी. उसके नाम पर 70 लाख रुपये की पॉलिसी थी. वहीं, प्रयास स्टांप वेंडर का काम करता है.

5 लाख रुपये की सुपारी दी गई

कविता किसी काम से स्कूटी लेकर घर से निकली थी. वह जबलपुर रोड की ओर जा रही थी. कंतोरा गांव के पास आरोपियों ने पिकअप से स्कूटी में टक्कर मार दी. जिससे वह गिर गई. इसके बाद आरोपियों ने पिकअप उस पर चढ़ा दी. गंभीर चोटों के कारण कविता की मौके पर ही मौत हो गई. पति प्रयास पांडे ने 5 लाख रुपये में सुपारी तय की थी.

उसने रामजी चौधरी, विक्रम चौधरी और धनीराम चौधरी से इस वारदात को अंजाम देने के लिए चुना था. पुलिस के अनुसार आरोपी पति प्रयास चाहता था कि वारदात हादसा लगे, ना कि हत्या. इसके लिए उसने चार बार रिक्रिएशन भी किया था.

ये भी पढ़ें: जबलपुर के भगवान दास पटेल ने ‘हनुमान अंश’ में निभाया गोपाल का किरदार, फिल्‍म ने तोड़े कई रिकॉर्ड

प्रयास पांडे की तलाश जारी

पुलिस को वारदात की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची. साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी. पति प्रयास पांडे भी पहुंचा और उसने पुलिस के सामने इस तरह व्यवहार किया जैसे ये हादसा हो. जांच में प्रयास और उसके दोस्त मानसिंह लोधी की भूमिका संदिग्ध पाई गई. दोनों की तलाश की जा रही है.

Exit mobile version